US Deport Immigrants: 'ये पंजाब को बदनाम करने की साजिश', अमेरिकी डिपोर्टेशन फ्लाइट्स की अमृतसर में लैंडिंग पर भड़के सीएम भगवंत मान

ये पंजाब को बदनाम करने की साजिश, अमेरिकी डिपोर्टेशन फ्लाइट्स की अमृतसर में लैंडिंग पर भड़के सीएम भगवंत मान
  • आज अमेरिकी डिपोर्टेशन फ्लाइट्स आज अमृतसर में होगी लैंड
  • 119 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर आएगा अमेरिकी विमान
  • सीएम भगवंत मान ने केंद्र सरकार पर बोला तीखा हमला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका से अवैध प्रवासी भारतीयों को लेकर दो विशेष विमान अमृतसर पहुंचेंगे। पहला विमान आज यानी 15 फरवरी को और दूसरा इसके अगले दिन यानी 16 फरवरी को पहुंचेगा। इन दोनों विमानों की पंजाब के अमृतसर हवाई अड्डे पर लैंडिंग करने को लेकर सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया है। विपक्षी दलों के नेताओं का सरकार पर आरोप है कि डिपोर्ट किए गए अवैध प्रवासी भारतीयों को लाने के लिए केवल अमृतसर का ही चुनाव क्यों किया गया, जबकि इन्हें अन्य राज्यों में भी उतरवाया जा सकता था।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी केंद्र सरकार के इस फैसले पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा, 'पंजाब में अवैध अप्रवासियों के विमान उतारना गलत है। यह पंजाब को बदनाम करने की साजिश है। जो लोग गैरकानूनी तरीके से अमेरिका गए थे, उन्हें डिपोर्ट किया जा रहा है। पहले भी जो लोग डिपोर्ट हुए थे, उनमें अलग-अलग प्रदेशों के लोग थे। फिर विमान अमृतसर में क्यों उतारे जा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि ये नेशनल प्रॉब्लम है। एक ओर पीएम मोदी ट्रम्प से मुलाकात कर रहे हैं, दूसरी ओर वहां से निर्वासित लोगों को बेड़ियों में जकड़कर भेजा जा रहा है।

सीएम मान के अलावा पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने भी अवैध भारतीय प्रवासियों को लाने वाले अमेरिकी विमान के पंजाब में उतरने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, 'ऐसा करके केंद्र सरकार पंजाब को बदनाम करना चाहती है। वह प्लेन को गुजरात, हरियाणा या दिल्ली में क्यों नहीं उतरवाते।'

रात 10 बजे पहुंचेगा विमान

बता दें कि अमेरिका से अवैध अप्रवासी भारतीयों का दूसरा बैच कल शनिवार की रात 10 बजे पंजाब के अमृतसर पहुंचेगा। भारत सरकार के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक विमान में 119 अवैध अप्रवासी अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत आएंगे। इसके बाद 16 फरवरी को अवैध अप्रवासियों को लेकर तीसरी फ्लाइट आएगी, जो कि रात करीब 10 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर ही लैंड होगी।

इससे पहले 5 फरवरी को अमेरिकी विमान सी17 104 भारतीय कैदियों को लेकर अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा था। विमान से उतरे सभी अवैध अप्रवासी भारतीयों के हाथों में हथकड़ी और पैरों में बेड़ियां डालकर लाया गया था। क्या इस बार भी पिछली बार की तरह ही भारतीयों डिपोर्ट किया जाएगा, क्या उन्हें फिर से हथकड़ी-बेड़ियां पहनाकर भेजा जाएगा? इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पाई है।

Created On :   15 Feb 2025 12:05 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story