साध्वी प्रज्ञा पर EC ने लगाया 72 घंटे का बैन, बाबरी मस्जिद विध्वंस पर दिया था बयान

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर चुनाव आयोग ने 72 घंटों का बैन लगाया है। साध्वी प्रज्ञा पर आयोग ने यह रोक बाबरी मस्जिद को लेकर दिए गए विवादित बयान के चलते लगाई है। भाजपा प्रत्याशी पर यह बैन गुरूवार सुबह 6 बजे से लगातार तीन दिनों के लिए लागू हो जाएगा। गौरतलब है कि साध्वी ने बाबरी विध्वंस पर बयान जारी करते हुए कहा था कि उन्हें मस्जिद गिराए जाने पर गर्व है। हालांकि साध्वी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं आयोग के आदेश का सम्मान करती हूं।
आदर्श आचार संहिता के बीच विवादित बयानबाजी करना साध्वी प्रज्ञा को भारी पड़ गया है। चुनाव आयोग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए साध्वी पर तीन दिनों का बैन लगाया है। बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर दिए गए बयान को आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए आयोग ने यह फैसला लिया है।
दरअसल चुनाव आयोग ने आर्डर जारी कर शहीद हेमंत करकरे और बाबरी विध्वंस को लेकर दिए गए बयानों पर साध्वी प्रज्ञा से जवाब पेश करने को कहा था। भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ने चुनाव आयोग को बयानों पर सफाई पेश की, लेकिन आयोग ने बाबरी को लेकर दिए गए साध्वी के जवाब पर असहमति जताई और इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना।
चुनाव आयोग द्वारा तीन दिन का बैन लगाए जाने पर साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि कोई बात नहीं मैं इसका सम्मान करती हूं।
क्या था मामला
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान साध्वी प्रज्ञा ने बाबरी विध्वंस पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि राम मंदिर जरुर बनेगा, हम राम मंदिर बनाएंगे, बाबरी मस्जिद ध्वस्त करने भी तो हम ही गए थे। मैंने खुद मस्जिद पर चढ़कर विवादित ढांचा ध्वस्त किया था। साध्वी ने कहा, मुझे इस बात पर गर्व है। मैं मानती हूं ईश्वर ने मुझे अवसर दिया। शक्ति दी थी और मैंने वो कार्य किया। मुझे गर्व है कि मैंने बाबरी मस्जिद गिराकर देश का कलंक मिटाया।
Created On :   1 May 2019 8:35 PM IST