मौसम अपडेट: एमपी के आने वाले तीन दिन करेंगे लोगों को भारी गर्मी से परेशान, हीटवेव का अलर्ट हुआ जारी, जानें कैसा रहने वाला है आपके शहर के मौसम का हाल

- एमपी के लोगों को करेगी गर्मी परेशान
- 40 से 42 तक दर्ज किया जाएगा पारा
- कुछ जिलों में बूंदाबांदी के हैं आसार
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में बीते कुछ समय सें आंधी पानी का दौर जारी था, जिसके खत्म होते ही प्रदेश के लोगों में गर्मी बढ़ गई है। तीखी धूप और दिन पर दिन बढ़ता हुआ तापमान देखते हुए आने वाले दो से तीन दिनों तक हीटवेव चलने की संभावना है। ग्वालियर, चंबल और इंदौर संभाग में भी लू चल सकती है। बात करें तापमान की तो दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 20 से 23 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
कैसा रहने वाला है तापमान?
तापमान के बारे में जानें तो प्रदेश के कई जिलों का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। साथ ही एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के चलते 18 से लेकर 19 अप्रैल तक मौसम में फिर भारी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग में हल्की बारिश भी हो सकती है।
कैसा रहेगा आज का मौसम?
बात करें आज के मौसम की तो, आज खंडवा, बड़वानी, खरगोन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, धार, श्योपुर, मुरैना, भिंड के अलावा कई अन्य राज्यों में तेज गर्मी देखने को मिलेगी। वहीं, प्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ-साथ इंदौर, उज्जैन और सागर संभाग का तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाएगा। तीखी धूप और बढ़ता हुआ पारा लोगों को परेशान कर सकता है।
आने वाले कुछ दिनों में इंदौर, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, नर्मदापुरम में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। इस दौरान लू भी चलने के आसार हैं।
Created On :   16 April 2025 11:54 AM IST