मौसम अपडेट: यूपी-बिहार के साथ 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट, अन्य राज्यों में हीटवेव की संभावना, जानें कैसा रहने वाला है आज के मौसम का हाल

- देश के मौसम में बदलाव आ रहे हैं नजर
- कहीं बारिश तो कहीं गर्मी का कहर रहा बरस
- मौसम विभाग की तरफ से आई मौसम को लेकर जानकारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। कहीं बारिश हो रही है तो कहीं पर तीखी धूप ने लोगों को परेशान करके रखा हुआ है। यूपी-बिहार में बीते दिन ज्यादा तेज आंधी-पानी के चलते 75 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें से 61 मौतें बिहार में हुई हैं और करीब 14 मौतें यूपी में हुई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड के अलावा कई अन्य राज्यों में बारिश होने की संभावना है। साथ ही अन्य राज्यों में तीखी धूप लोगों को परेशान कर सकती है।
कहां पर बारिश के आसार?
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को 50 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही तेज बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है। इसमें जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, असम, मेघालय जैसे राज्य शामिल हैं।
कहां का पारा कैसा रहेगा?
देश में भारी गर्मी भी देखने को मिल रही है। कई सारे राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में पारा 35 से 40 डिग्री के बीच में दर्ज किया जा रहा है। राजस्थान और गुजरात में 40 के ऊपर भी पारा दर्ज हुआ है। वहीं, दिल्ली में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, कच्छ, यूपी, पंजाब, दिल्ली में लू चलने के आसार हैं। एमपी के करीब 30 जिलों में लू चलने की संभावना है।
कैसा रहने वाला है मौसम का हाल?
उत्तर पश्चिम भारत में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया जाएगा। लू भी चलने की संभावना है। इसके अलावा दिल्ली एनसीआर में 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज होगा। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर में भारी बारिश की संभावना है। जिसमें असम, मेघालय, केरल, तमिलनाडु जैसे राजय शामिल हैं।
Created On :   11 April 2025 11:21 AM IST