झारखंड मुठभेड़: बोकारो के लुगू पहाड़ों में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच फायरिंग, 8 नक्सली ढेर, हथियार बरामद, गोलीबारी जारी

- सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी
- मुठभेड़ में मारे आठ नक्सली
- संयुक्त अभियान जारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड के बोकारो जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। लुगू पहाड़ों में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच सोमवार (21 अप्रैल) को मुठभेड़ हुई। जिसमें 8 नक्सली मारे गए। यह कार्रवाई केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और राज्य पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत की गई। घटनासथल से सुरक्षाबलों ने कई हथियार बरामद किए हैं। इस बात की जानकारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से दी गई है।
हथियार बरामद
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने आज सुबह मुठभेड़ से जुड़ी अहम जानकारी दी है। CRPF ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने राज्य पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में झारखंड के बोकारो जिले के ललपनिया क्षेत्र के लुगु पहाड़ियों में आज सुबह मुठभेड़ में आठ नक्सलियों को ढेर कर दिया। जवानों ने एक एसएलआर और एक इंसास राइफल बरामद की है।
कोई जवान घायल नहीं
जानकारी के मुताबिक, अभी भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। फिलहाल किसी भी जवान के घायल होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
इस साल सुरक्षाबलों ने कितने नक्सली मारे?
झारखंड में इस साल सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में अब तक 11 नक्सली मारे गए हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इस साल तक झारखंड को पूरी तरह नक्सल मुक्त करने का फैसला लिया है। झारखंड पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 में पुलिस ने 244 नक्सलियों को अरेस्ट किया था। वहीं, सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 9 नक्सली मारे गए थे। 24 नक्सलियों ने सरेंडर किया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में 4 जोनल कमांडर, 1 सब जनरल कमांडर सहित 3 एरिया कमांडर शामिल थे।
Created On :   21 April 2025 10:32 AM IST