दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामला अपडेट: दर्जनों लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया दुख, राहुल गांधी सहित कांग्रेस के इन वरिष्ठ नेताओं ने भी जाहिर किया शोक

- हादसे पर प्रेसिडेंट मुर्मू ने जताया शोक
- राहुल गांधी-खड़गे की भी आई प्रतिक्रिया
- हादसे में 18 लोगों ने गंवाई जान
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ को लेकर राष्ट्रयपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी दुख जाहिर किया है। तो चलिए जानते हैं किसने क्या कहा है?
आपको बता दें कि, शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेश पर भगदड़ मचने से 18 लोगों ने जान गंवा दी। जिसमें तीन बच्चे और 14 महिलाएं शामिल हैं। जबकि 25 से ज्यादा घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने क्या कहा?
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
राहुल गांधी ने जाहिर किया दुख
नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने शक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी पड़े।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने व्यक्त किया शोक
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से कई लोगों की मृत्यु हो जाने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। स्टेशन से आ रहे वीडियो बेहद हृदयविदारक हैं। हमारी मांग है कि मृतकों व घायलों की संख्या जल्द से जल्द घोषित की जाए और गुमशुदा लोगों की पहचान भी सुनिश्चित की जाए। पीड़ितों के परिजनों को हमारी गहरी संवेदनाएं। घायलों को तत्काल इलाज हेतु स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।"
प्रियंका गांधी ने जताया दुख
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी दुख जाहिर करते हुए कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ की वजह से मची भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
Created On :   16 Feb 2025 9:19 AM IST