उज्जैन रेप केस: दिनदहाड़े हुए रेप पर कांग्रेस हुई हमलावर, प्रियंका गांधी ने लिखा धर्म नगरी शर्मसार, जीतू पटवारी ने मोहन सरकार को घेरा

दिनदहाड़े हुए रेप पर कांग्रेस हुई हमलावर, प्रियंका गांधी ने लिखा धर्म नगरी शर्मसार, जीतू पटवारी ने मोहन सरकार को घेरा
  • महिला के साथ उज्जैन में हुआ दिनदहाड़े रेप
  • वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
  • पुलिस ने लिया एक्शन, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां फुटपाथ पर एक महिला के साथ बलात्कार किया गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने शहर के कोयला फाटक चौराहे के फुटपाथ पर महिला के साथ सरेआम रेप किया। इस दौरान किसी ने इस वारदात का वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति ने कबाड़ बीनने वाली एक महिला को शराब पिलाकर उसके साथ जबरन बलात्कार किया। इसके बाद आरोपी फरार हो गया था।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के बारे में कोतवाली के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) ओम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि घनटा बुधवार 4 सितंबर का है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि आरोपी लोकेश ने पीड़िता से शादी करने का वादा किया था। फिर उसे जबरन शराब पिलाई। इसके बाद फिर उसने बलात्कार किया। कुछ लोग जो वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने अपराध को रोकने के बजाय घटना का वीडियो बनाया। बाद में आरोपी लोकेश मौके से भाग गया। उन्होंने कहा कि नशा उतरने के बाद महिला ने शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद लोकेश को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रियंका गांधी ने मोहन सरकार को घेरा

वहीं, मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि उज्जैन, मध्य प्रदेश में दिनदहाड़े फुटपाथ पर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना अत्यंत भयावह है। आज पूरा देश सन्न है कि हमारा समाज किस ओर जा रहा है? खबरों के मुताबिक, रास्ते से गुजर रहे लोग महिला को बचाने की जगह वीडियो बना रहे थे। उज्जैन की पवित्र भूमि पर ऐसी घटना से मानवता कलंकित हुई है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "शर्मसार हुई धर्मनगरी उज्जैन। वैहशी दरिंदे ने किया भिक्षुक महिला के साथ खुलेआम कुकर्म, प्रदेश की क़ानून व्यवस्था हुई तार-तार !! सत्ताधीशों शर्म से डूब मरो या कुर्सी छोड़ दो। "

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी हुए हमलावर

वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, "धर्मनगरी उज्जैन एक बार फिर कलंकित हुई है! इस बार भी काला टीका उज्जैन की कानून-व्यवस्था के माथे पर ही लगा है! यह सोचकर ही स्‍तब्‍ध हुआ जा सकता है कि मध्यप्रदेश में अब दिनदहाड़े, खुली सड़क पर बलात्कार शुरू हो गए हैं। ऐसा तभी संभव है जब कानून और सरकार का असर पूरी तरह से खत्म हो जाए! उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के गृह नगर के यह हाल हैं, तो बाकी प्रदेश के हालात आसानी से समझ जा सकते हैं। दलित और आदिवासी महिलाओं के साथ लगातार हो रहे अत्याचार को भी महसूस किया जा सकता है! अब गृहमंत्री या मुख्यमंत्री नहीं, प्रदेश सरकार के एक-एक मंत्री से सवाल है! शर्म से डूब मरो या कुर्सी छोड़ दो! बेशर्मी से भरी इस निर्लज्ज व्यवस्था के खून में आखिर उबाल कब आएगा?

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, "आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बलात्कार और हत्या की घटना के खिलाफ भाजपा पूरे देश में विरोध प्रदर्शन कर रही है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्वाचन क्षेत्र में एक महिला के साथ बलात्कार किया गया। इसपर मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रधानमंत्री मोदी चुप क्यों हैं? मध्य प्रदेश में 'जंगल राज' है। मध्य प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है।"

मामले पर होगी कार्रवाई- बीजेपी नेता

मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी.डी. शर्मा ने कहा, "विपक्षी दल के लोगों के पास कोई मुद्दा न होने के कारण वे हर प्रकार की घटना-दुर्घटना को बड़ा स्वरूप देने का प्रयास करते हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे लोगों(अपराधियों को) को फांसी के फंदे तक पहुंचाने और कानून बनाकर दंडित करने का प्रयास किसी ने किया है तो सबसे पहले भाजपा ने किया है। लेकिन मध्य प्रदेश को बदनाम करने के लिए वे(जीतू पटवारी) इसी तरह की घटनाओं को ढ़ूंढते हैं। यह दुर्भाग्य की बात है। वहां(उज्जैन) की घटना में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की है। मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा की सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर रही है और करती रहेगी।"

Created On :   6 Sept 2024 12:21 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story