IPL 2025: किंग कोहली की फिफ्टी...रजत की कप्तानी पारी...क्रुणाल का चौका... RCB ने 10 सालों बाद MI को घर में घुसकर 12 रनों से रौंदा

किंग कोहली की फिफ्टी...रजत की कप्तानी पारी...क्रुणाल का चौका... RCB ने 10 सालों बाद MI को घर में घुसकर 12 रनों से रौंदा
  • RCB ने 12 रनों से दर्ज की जीत
  • 10 सालों बाद RCB ने वानखेड़े में MI को रौंदा
  • टीम के लिए किंग कोहली ने खेली 67 रनों की शानदार पारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल 2025 का 20वां मुकाबला काफी रोमांचक रहा। वानखेड़े स्टेडियम पर खेले गए इस रोमांचक मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 12 रनों से जीत हासिल की। बता दें, टीम ने 10 सालों बाद वानखेड़े में मुंबई को रौंदा है। मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेटों के नुकसान पर 221 रन बनाए थे। टीम को इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाने में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का अर्धशतक और रजत पाटीदार की कप्तानी पारी की अहम भूमिका रही थी। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस 9 विकेट गंवाकर केवल 209 रन ही जोड़ सकी।

टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत कुछ ठीक नहीं रही थी। इस दौरान पारी की शुरुआत करने उतरे रोहित शर्मा 9 गेंदों में केवल 17 रन बनाकर यश दयाल की गेंद पर आउट हो गए थे। वहीं, इसके कुछ देर बाद रायन रिकलटन भी इतने ही रन बनाकर आउट हो गए थे।

मुंबई इंडियंस की टीम ने 38 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। लेकिन इसके बावजूद फैंस को बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव और विल जैक्स पर उम्मीदें थी। लेकिन ये दोनों बल्लेबाज भी कुछ ज्यादा कमाल नहीं कर सके। इस दौरान सूर्या दो बार आउट होने से बच गए थे। लेकिन इसके बाद आखिरकार वह 28 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जैक्स केवल 22 रन ही जोड़ सके।

टीम का स्कोर 99 रनों पर 4 विकेट था। इस दौरान सभी ने मुंबई की जीत की उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन इसके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या क्रीज पर आए और तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी शुरु कर दी। उन्होंने एक के बाद एक छ्क्के और चौके लगाने शुरु कर दिए थे। इस दौरान हार्दिक ने जोस हेजलवुड की एक स्पेल में 22 रन बनाए थे। लेकिन 42 रन के स्कोर पर हेजलवुड ने उनकी इस घातक पारी पर ब्रेक लगा दिया।

आरसीबी की इस रोमांचक जीत में कप्तान रजत पाटीदार और विराट कोहली की शानदार अर्धशतकीय पारी की अहम भूमिका रही थी। इस दौरान रजत पाटीदार ने टीम के लिए 32 गेंदों में 64 रन बनाए थे जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। वहीं, कोहली ने 42 गेंदों में 67 रनों की विराट पारी खेली थी। गेंदबाजी के दौरान क्रुणाल पांड्या ने टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने इस दौरान अपनी चार ओवरों में 45 रन देकर 4 शिकार किए थे। मैच की आखिरी ओवर में उन्होंने तीन विकेट झटके थे।

Created On :   7 April 2025 11:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story