Russia-Ukraine war: जेलेंस्की और ट्रंप के बीच फोन पर हुई एक घंटे बात, सीजफायर के मुद्दे पर हुई चर्चा

- ट्रंप और जेलेंस्की के बीच एक घंटे चली वार्ता
- ट्रंप ने पुतिन के साथ हुई बातचीत की दी जानकारी
- 30 दिन के सीजफायर से पुतिन ने किया था इनकार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मंगलवार को डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। इसके एक दिन बाद यानी बुधवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिका के राष्ट्रपति को फोन किया। दोनों नेताओं ने सीजफायर के मुद्दे पर बात की। कहा जा रहा है कि इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने पुतिन से हुई चर्चा की जानकारी जेलेंस्की को दी। यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ फोन पर हुई चर्चा की जानकारी ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी।
जेलेंस्की के प्रवक्ता ने इस बारे में बताया, "यूक्रेन के राष्ट्रपति की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ टेलीफोन पर बातचीत चल रही है।" रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को यूक्रेनी ऊर्जा सुविधाओं पर हमलों को अस्थायी रूप से रोकने पर सहमति जताई थी।
क्या बोले ट्रंप?
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ बहुत अच्छी टेलीफोन कॉल पूरी की। यह लगभग एक घंटे तक चली। चर्चा का अधिकांश हिस्सा कल राष्ट्रपति पुतिन के साथ की गई कॉल पर आधारित था, ताकि रूस और यूक्रेन दोनों को उनके अनुरोधों और आवश्यकताओं के संदर्भ में संरेखित किया जा सके। हम पूरी तरह से सही रास्ते पर हैं, और मैं विदेश मंत्री मार्को रुबियो और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार माइकल वाल्ट्ज से चर्चा किए गए बिंदुओं का सटीक विवरण देने के लिए कहूंगा। वो वक्तव्य जल्द ही जारी किया जाएगा।"
सीजफायर के सपोर्ट में नहीं पुतिन
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने 30 दिनों के सीजफायर का समर्थन करने से इनकार किया है। इसका प्रस्ताव उन्हें ट्रंप ने दिया था जिसे उन्होंने खारिज कर दिया। हालांकि उन्होंने सहमति जताई कि वे आगे भी इस पर वार्ता जारी रखेंगे। हालांकि, सीमित युद्धविराम की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद, मास्को और कीव ने बुधवार को एक-दूसरे पर हवाई हमले करने का आरोप लगाया, जिससे बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।
पुतिन ने ट्रंप को कराया इंतजार
डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लंबे समय से ये कहते रहे हैं कि पुतिन उनके प्रस्ताव से राजी हैं। लेकिन दावा किया जा रहा है कि जब मंगलवार को उन्होंने पुतिन को फोन किया तो पुतिन ने उन्हें बात करने के लिए एक घंटे इंतजार करवाया। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि ट्रंप से बात करते हुए रूसी राष्ट्रपति ने साफ कहा कि अगर यूक्रेन के सहयोगी उसे खुफिया सहायता देना बंद नहीं करेंगे तो यह युद्ध जारी रहेगा। व्हाइट हाउस के मुताबिक ट्रंप-पुतिन ने यह माना है कि युद्ध खत्म होना चाहिए और एक स्थाई शांति को लेकर काम किया जाना चाहिए। वहीं इस बातचीत के बाद ट्रंप की ओर से इसकी पुष्टि भी की गई कि उन्होंने पुतिन से बात की और वह शांति चाहते हैं।
Created On :   19 March 2025 10:58 PM IST