रूस-यूक्रेन वॉर: रूस ने यूक्रेन पर दागी बैलेस्टिक मिसाइल, 41 लोगों की मौत, 180 घायल, जेलेंस्की ने पुतिन को दी चेतावनी

रूस ने यूक्रेन पर दागी बैलेस्टिक मिसाइल, 41 लोगों की मौत, 180 घायल, जेलेंस्की ने पुतिन को दी चेतावनी
  • रूस का यूक्रेन पर एक और हमला
  • धमाके में 41 की मौत, 180 घायल
  • सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रपति जेलेंस्की ने साझा की जानकारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जंग शुरु हुए काफी समय बीत चुका है। इसके बावजूद यह युद्ध थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसी बीच यूक्रेन के पोल्तवा शहर पर दो बैलिस्टिक मिसाइल से हमला हुआ है। इस हमले में तकरीबन 41 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। जबकि हमले में लगभग 180 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडोमीर जेलेंस्की ने इस हमले के लिए रूस को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि रूस की ओर से अब तक इस हमले पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है।

हमले में मारे गए 41 लोग- जेलेंस्की

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडोमीर जेलेंस्की ने इस हमले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश के मध्य भाग में एक रूसी हमले से लगभग 41 लोग मारे गए और 180 घायल हुए हैं। उन्होंने मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका भी जताई है। उन्होंने यह भी बताया की खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है और इस बचाव कार्य में कई लोगों को रेस्क्यू भी किया जा चुका है।

सोशल मीडिया पर साझा की जानकारी

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर एक विडियो पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की। पोस्ट में उन्होंने लिखा, "मुझे पोल्टावा में रूसी हमले की प्रारंभिक रिपोर्ट प्राप्त हुई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इलाके में दो बैलिस्टिक मिसाइलें गिरी। उन्होंने (रूस) एक शैक्षणिक संस्थान और पास के एक अस्पताल को निशाना बनाया, दूरसंचार संस्थान की एक इमारत को आंशिक रूप से नष्ट कर दिया।"

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अपने वीडियो में कहा, "रूस को इस हमले की कीमत जल्द चुकानी पड़ेगी। हम दुनिया के हर उस व्यक्ति से आग्रह करते हैं जिसके पास इस आतंक को रोकने की ताकत है, क्योंकि यूक्रेन को अब एयर डिफेंस और मिसाइलों की जरूरत है ना की बम शेल्टर में बैठे रहने की।"

Created On :   3 Sept 2024 1:59 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story