चीन ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए ताइवान की ओर 39 लड़ाकू विमान भेजे

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन शनिवार को शक्ति प्रदर्शन करते हुए ताइवान की ओर 39 लड़ाकू विमान भेजे। यह चीन का दो दिन में दूसरा बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। चीन ताइवान पर अपना दावा करता है। कम्युनिस्ट पार्टी ने शुक्रवार को अपने शासन की 72वीं वर्षगांठ मनाई। गृह युद्ध के बाद 1949 में दोनों अलग हो गए ‘कम्युनिस्ट’ समर्थकों ने चीन पर कब्जा कर लिया था और उसके प्रतिद्वंद्वी ‘नेशनलिस्ट’ समर्थकों ने ताइवान में सरकार बनाई थी।
ताइवान के प्रधानमंत्री सु सेंग चांग ने शुक्रवार को चीन के लड़ाकू विमानों की उड़ान के बाद शनिवार को कहा, ‘‘चीन ने हमेशा क्षेत्रीय शांति को खतरे में डालने वाली क्रूर और निर्मम कार्रवाई की है।’’ उन्होंने दक्षिणी ताइवान में एक विज्ञान उद्यान के उद्घाटन समारोह में यह बात कही।
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि ताइवान के हवाई रक्षा क्षेत्र में सुबह और रात में दो बार में 39 विमानों ने प्रवेश किया। चीन ने इसी प्रकार शुक्रवार को भी स्वशासित द्वीप के दक्षिणी इलाके में 38 विमान भेजे थे। चीन पिछले एक साल से अधिक समय से ताइवान के दक्षिण में लगातार सैन्य विमान भेज रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को दिन में 20 और रात को 19 लड़ाकू विमानों ने ताइवान की ओर उड़ान भरी। मंत्रालय के मुताबिक इन विमानों में अधिकतर जे-17 और एयू-30 लड़ाकू विमान थे।
Created On :   3 Oct 2021 12:50 PM IST