- Home
- /
- फर्जी खबरें
- /
- बरेली में पकड़ा गया पशुओं के अवशेष...
फैक्ट चेक: बरेली में पकड़ा गया पशुओं के अवशेष से भरा ट्रक, वीडियो शेयर कर फैलाया जा रहा झूठ

- बरेली का वीडियो वायरल
- ट्रक में भरे पशुओं के अवशेष
- रिवर्स सर्च में पता चली सच्चाई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर दिल झकझोरने देने वाला वीडियो तूल पकड़ता जा रहा है। क्लिप में एक पिकअप को देखा जा सकता है जिसमें पशुओं के अवशेष का ढेर है। यूजर्स वीडियो को अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह घटना बरेली के फतेहगंज की है। यह भी दावा किया जा रहा है कि इस मामले में हिंदू ड्राइवर को अरेस्ट किया गया है। आपको बता दें कि, यह दावा झूठा है। घटना 2 महीने पहले की है। पिकअप चालक असल में मुस्लिम था।
क्या हो रहा है वायरल?
'Mansuri Yasmin' नामक फेसबुक यूजर ने वायरल वीडियो अपने अकाउंट पर शेयर कर लिखा- बरेली के फतेहगंज फाटक पर गाय और भैंस के पायो से भरी एक पिकअप बरामद होने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस ने पिकअप चालक सोनू कुमार को हिरासत में लिया। *प्लीज शेयर एंड फॉलो करें।
क्या है वायरल पोस्ट के पीछे की सच्चाई?
वायरल वीडियो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमने क्लिप के स्क्रीनशॉट्स निकाल कर गूगल लेंस पर सर्च किया। ऐसा करने पर हमें दैनिक भास्कर की वेबसाइट मिली जहां इसी घटना से जुड़ी जानकारी थी। दो महीने पहले पब्लिश की गई इस रिपोर्ट में लिखा है कि- बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में एक बड़ा मामला सामने आया है। नेशनल हाइवे पर धनेटा फाटक के पास एक सड़क हादसे ने प्रतिबंधित पशुओं की पैरों की तस्करी का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने एक पिकअप से प्रतिबंधित पशुओं के डेढ़ हजार से अधिक कटे पैर बरामद किए हैं। मामले में बरेली के साजिद हुसैन और जम्मू कश्मीर के सरफराज अहमद को गिरफ्तार किया गया है।
Created On :   14 April 2025 11:48 PM IST