बड़े बजट और महंगी स्टारकास्ट के बाद भी इस साल बॉलीवुड की आधी से ज्यादा फिल्में रही फ्लॉप, कई फिल्मों के लिए लागत निकालना भी हुआ मुश्किल

डिजिटल डेस्क मुंबई। साल 2022 तो खत्म होने में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। ये साल इंटरटेंनमेंट से भरपूर रहा है। लेकिन पूरे साल साउथ और हॉलीवुड फिल्मों का बोलबाला रहा। पूरे साल हमने कई सुपर हिट ब्लॉकबस्टर फिल्मों को इंजॉए किया। जिसमें सिर्फ साउथ की ही फिल्में शामिल थी। ये साल बॉलीवुड फिल्मों के लिए कुछ खास साबित नहीं हुआ है। इस साल आईं बॉलीवुड की आधी से ज्यादा फिल्म बिग बजट होने के बाद भी इंडियन बॉक्स ऑफिस पर अपना कमाल नहीं दिखा पाई। इसमें बॉलीवुड के कई सुपरस्टार एक्टर की फिल्में शामिल हैं। जिनके नाम आपको हैरान कर देगें।
1. लाल सिंह चड्ढा
आमिर खान अपने अलग अंदाज और बेहतरीन एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस साल में अपनी बेहतरीन एक्टिंग से कमाल नहीं दिखा पाए। उनकी फिल्म लाल सिंह चड्ढा 11 अगस्त 2022 को सिनेमा घरों में रिलीज की गई थी जो कि बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह फ्लॉप रही। फिल्म को 180 करोड़ के बड़े बजट में बना कर तैयार किया गया था। लेकिन फिल्म सिर्फ 60 करोड़ कलेक्शन कर पूरी तरह से फ्लॉप रही।
2. बच्चन पांडे
ये साल बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार के लिए भी कुछ खास नहीं रहा है। इस साल अक्षय की कई फिल्में रिलीज हुई जिसमें से एक भी फिल्म सुपरहिट साबित नहीं हो पाई। अक्षय की फिल्म बच्चन पांडे को 18 मार्च 2022 को रिलीज किया था। इस फिल्म में अक्षय के साथ कृति सेनन भी नजर आईं थी। ये फिल्म 165 करोड़ के बड़े बजट में बनकर तैयार हुई थी। जिसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन सिर्फ 59 करोड़ ही रहा।
3. शमशेरा
वाणी कपूर और रणवीर कपूर की फिल्म शमशेरा को 22 जुलाई 2022 को रिलीज किया गया था। फिल्म को 150 करोड़ के बड़े बजट में बना कर तैयार किया गया था। वहीं फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 43 करोड़ की ही कमाई की।
4. विक्रम वेधा
विक्रम वेधा को 30 सितंबर 2022 को सिनेमा घरों में रिलीज किया गया था। तमिल फिल्म की रीमेक विक्रम वेधा बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही।. फिल्म में सैफ अली खान और ऋतिक रोशन जैसे सितारों होने के बाद भी फिल्म कोई जलवा नहीं दिखा पाई। फिल्म 100 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई थी जबकि फिल्म सिर्फ 78 करोड़ रुपये ही कलेक्ट कर सकी।
5. सम्राट पृथ्वीराज
175 करोड़ के बजट में बनी अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर की फिल्म सम्राट पृथ्वीराज को 3 जून 2022 को रिलीज किया गया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। फिल्म में अक्षय की अदाकारी और उनकी कास्टिंग को लेकर भी सवाल उठे थे। बड़े बजट में बनी इस फिल्म ने सिर्फ 70 करोड़ की ही कमाई की।
6. धाकड़
बॉलीवुड क्वीन कंगना की फिल्म धाकड़ को 20 मई 2022 को रिलीज किया गया था। फिल्म में कंगना रनौत एक सीक्रेट एजेंट के रोल में हैं और फिल्म में दमदार एक्शन करती नजर आती हैं। लेकिन 85 करोड़ रुपये के बड़े बजट में बनी ये फिल्म सिर्फ ढाई करोड़ रुपये ही कमा सकी।
7. जयेशभाई जोरदार
बॉलीवुड सुपरस्टार रणवीर सिंह की फिल्म जयेशभाई जोरदार 13 मई 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। ये फिल्म समाज में आज भी फैली कुछ बुराईयों को उजागर करती है। ये फिल्म 80 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई थी। वहीं इसका टोलट कलेक्शन मात्र 17 करोड़ रहा था।
8. जर्सी
बॉलीवुड स्टार शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी को 22 अप्रैल 2022 को रिलीज किया गया था। ये फिल्म तेलुगू ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जर्सी" का हिंदी रीमेक थी। फिल्म में शाहिद के साथ मृणाल मुख्य भूमिका में नजर आईं थी। रिपोर्ट के अनुसार फिल्म 80 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई थी और सिर्फ 20 करोड़ का ही कलेक्शन कर पाई थी।
9. हीरोपंती 2
टाइगर और तारा सुतारिया की फिल्म हीरोपंती 2 को 27 मई को रिलीज किया गया था। फिल्म को कई देशों में जाकर करीब 70 करोड़ के बजट में बनकर तैयार किया गया था। फिल्म के पहले भाग को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। लेकिन फिल्म का दूसरा पार्ट पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ। फिल्म सिर्फ 27 करोड़ रुपये ही कमा सकी।
10. रनवे 34
अजय देवगन, अमिताभ बच्चन, बोमन ईरानी और रकुल प्रीत सिंह की मौजूदगी के बाद फिल्म रनवे 34 बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा नहीं दिखा पाई।. 65 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 32 करोड़ रुपये ही कमाई की थी।
Created On :   20 Dec 2022 2:31 PM IST