Delhi Assembly Election Results 2025: अब दिल्ली के दिल में बीजेपी का राज, 10 साल बाद AAP की विदाई, कांग्रेस का फ्लॉप शो जारी

अब दिल्ली के दिल में बीजेपी का राज, 10 साल बाद AAP की विदाई, कांग्रेस का फ्लॉप शो जारी
  • दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों का एलान
  • बीजेपी की शानदार जीत
  • 5 फरवरी को हुआ था मतदान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों का एलान शनिवार (8 फरवरी) को हो गया है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी का 27 सालों का वनवास खत्म हो गया है। दिल्ली की जनता ने बीजेपी को सत्ता में वापसी करने का मौका दे दिया है। भाजपा ने 70 में से 48 सीटें हासिल की है। वहीं, 22 सीटों के साथ आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। कुल 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला हो चुका है। बता दें कि, 5 फरवरी को सभी 70 सीटों के लिए एक ही चरण में वोटिंग हुई थी। इस बार दिल्ली में 60.42 परसेंट मतदान हुआ। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में सबसे ज्यादा 66.25 परसेंट वोटिंग हुई। वहीं, साउथ ईस्ट दिल्ली 56.16 परसेंट के साथ सबसे पीछे रहा। अब बात करें एग्जिट पोल की तो ज्यादातर सर्वे के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही हैं। आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ होने की संभावना जताई गई।

कहां कितनी वोटिंग?

सेंट्रल दिल्ली- 59.01%

ईस्ट दिल्ली- 62.37%

नई दिल्ली- 57.13%

नॉर्थ दिल्ली- 59.55%

नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली- 66.25%

नॉर्थ वेस्ट दिल्ली- 60.70%

शाहदरा- 63.94%

साउथ दिल्ली- 58.16%

साउथ-ईस्ट दिल्ली- 56.16%

साउथ-वेस्ट दिल्ली- 61.07%

वेस्ट दिल्ली- 60.76%

Live Updates

  • 9 Feb 2025 1:03 AM IST

    परिवार वंदन का क्या नतीजा होता है, कांग्रेस इसका उदाहरण - अमित शाह

    दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक भी सीट जीतने में विफल रही कांग्रेस पार्टी पर गृह मंत्री अमित शाह ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "एक पार्टी जब परिवार वंदन में लग जाए, तब उसकी क्या दुर्दशा होती है, इसका सबसे बड़ा उदाहरण कांग्रेस है। जिस दिल्ली में आज से एक दशक पहले कांग्रेस की 15 साल सरकार रही, वहां 2014 के बाद हुए 6 चुनावों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। इस विधानसभा चुनाव में 70 में से 67 सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस को अगर कहीं स्थायित्व मिला है, तो वह शून्य (0) में मिला है। यह एक परिवार की सेवा में समर्पित कांग्रेस की देशभर में स्थिति को दर्शाता है।"


  • 9 Feb 2025 12:59 AM IST

    बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने मनाया दिल्ली विजय का जश्न

    दिल्ली में बीजेपी को ऐतिहासिक जीत हासिल हुई। इस प्रचंड विजय का जश्न पं. बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया। 

  • 9 Feb 2025 12:37 AM IST

    बीजेपी की दिल्ली में ऐतिहासिक जीत पर सीएम फडणवीस ने दी बधाई

    दिल्ली में बीजेपी को मिली जीत पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दिल्ली की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी की सरकार चुनने के लिए दिल्ली की जनता को मैं बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों पर दिल्ली की जनता ने भरोसा जताया है।

  • 9 Feb 2025 12:02 AM IST

    आदित्य ठाकरे ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

    दिल्ली विधानसभा चुनाव में विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता आदित्य ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आदित्य ठाकरे ने कहा कि दिल्ली चुनाव में वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर हेरफेर हुआ है, इससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। जिसे जनता के सामने आना चाहिए। 

  • 8 Feb 2025 11:37 PM IST

    AAP-दा की सरकार को लोगों ने उखाड़ फेंका - केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी

    दिल्ली में 27 साल बाद बीजेपी को मिली बंपर जीत पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा, "यह एक प्रचंड जीत है... जिस तरह दिल्ली में AAP-दा की सरकार को लोगों ने उखाड़ फेंका हैं। अब दिल्लीवासियों ने भाजपा यानी सुशासन पर मुहर लगाई है। निश्चित रूप से भाजपा जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी।"

  • 8 Feb 2025 10:59 PM IST

    पटपड़गंज से जीत के बाद बीजेपी नेता रविंदर सिंह नेगी का बयान

    दिल्ली में बीजेपी को प्रचंड जीत मिली है। इस बीच पटपड़गंज विधानसभा सीट से बीजेपी के विजयी उम्मीदवार रविंदर सिंह नेगी ने कहा- दिल्ली बदहाल है और लोग चाहते हैं कि यह विकसित दिल्ली हो। हम यमुना को मां मानते हैं और हम आने वाले समय में यमुना साफ करेंगे। भाजपा की सर्वदलीय बैठक में तय होगा कि दिल्ली का मुख्यमंत्री कौन बनेगा।

  • 8 Feb 2025 10:42 PM IST

    चुनाव जीतने के बाद मनजिंदर सिंह सिरसा ने दी पहली प्रतिक्रिया

    दिल्ली में बीजेपी ने प्रचंड जीत हासिल की है। इस बीच राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से बीजेपी के विजयी उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी बहुत खुश थे। इस बार लोगों ने एकतरफा साथ दिया है। आज देश को पता चल गया है कि पिछले 25-30 साल से यमुना जी के नाम पर शोषण किया गया कि साफ होगी लेकिन नहीं हो पाई। लेकिन आज जब प्रधानमंत्री मोदी ने कह दिया कि यमुना मैया की जय, तो इसका मतलब है कि यमुना वाटर फ्रंट जल्दी बनने जा रहा है, यमुना जी साफ होगी।

  • 8 Feb 2025 10:25 PM IST

    बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भाजपा मुख्यालय से रवाना हुए

    केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा दिल्ली विधानसभा चुनाव के विजय उत्सव में भाग लेने के बाद भाजपा मुख्यालय से रवाना हुए। 

  • 8 Feb 2025 9:56 PM IST

    कांग्रेस एक परजीवी पार्टी- पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा कि पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस, एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है।आज कांग्रेस देशहित की नहीं, अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस के नेता जब कहते हैं कि वो भारत से लड़ रहे हैं, Indian state से लड़ रहे हैं। ये नक्सलियों की भाषा है। ये समाज में, देश में अराजकता लाने की भाषा है।यहां दिल्ली में तो AAP-दा भी उसी अर्बन नक्सली सोच को ही आगे बढ़ा रही थी। कांग्रेस की ये अर्बन नक्सली सोच राष्ट्र की उपलब्धियों पर अटैक करती है।

  • 8 Feb 2025 9:46 PM IST

    कांग्रेस पर पीएम मोदी ने बोला हमला

    पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा है, उसने "शून्य की दोहरी हैट्रिक" हासिल की है। देश की राजधानी में लगातार छह बार देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी एक भी सीट हासिल करने में विफल रही है। यह मतदाताओं के बीच कांग्रेस के प्रति कम होते भरोसे को दर्शाता है। पहले मैंने उल्लेख किया था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी की तरह काम करती है, जो अपने सहयोगियों को नीचे खींचती है। ऐसा लगता है कि यह एक-एक करके अपने गठबंधनों को व्यवस्थित रूप से कमजोर और खत्म कर रही है।

Created On :   8 Feb 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story