Bihar Politics: बिहार महागठबंधन का कौन होगा सीएम फेस? पटना के आरजेडी ऑफिस में मंथन जारी, तेजस्वी यादव सहित कई नेता मौजूद

  • बिहार महागठबंधन का कौन होगा सीएम फेस?
  • पटना के आरजेडी ऑफिस में मंथन जारी
  • तेजस्वी यादव सहित कई नेता मौजूद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज है। आज गुरुवार को राजधानी पटना में मौजूद आरजेडी दफ्तर में महागठबंधन की बैठक हुई है। जहां बिहार की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा हुई। इस बैठक का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरु, वीआईपी पार्टी के नेता मुकेश सहनी और लेफ्ट के कई नेता मौजूद नजर आ रहे हैं।

सीएम फेस को लेकर चर्चा?

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में सीएम फेस को लेकर चर्चा हुई है। बीते कुछ महीनों से महागठबंधन में सीएम फेस को लेकर चर्चा तेज है। हाल ही में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन से मुलाकात की। इससे पहले आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे तेजस्वी यादव को लेकर सीएम फेस घोषित करने को कहा है। इधर, कांग्रेस कन्हैया कुमार को तेजी से बिहार कांग्रेस का चेहरा घोषित करने में लगी हुई है। जिसके चलते भी महागठबंधन में अनबन की स्थिति देखने को मिल रही है। हालांकि, अभी तक बैठक में क्या बातें हुई है। इसे लेकर कोई बड़ी बात निकलकर सामने नहीं आई है।

बिहार कांग्रेस का चेहरा कन्हैया कुमार!

कांग्रेस लगातार बिहार में कन्हैया कुमार को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। कन्हैया कुमार भी बीते तीन महीने से बिहार की सियासत में एक्टिव नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने बिहार में 'नौकरी दो, पलायन रोको' यात्रा खत्म की है। इस यात्रा के जरिए बिहार में कांग्रेस अपने पुराने कार्यकर्ताओं के साथ जुड़ने की कोशिश कर रही है। बता दें कि, कन्हैया का साथ देने खुद राहुल गांधी भी उनकी यात्रा में शामिल हुए थे। जिससे साफ हो गया था कि राहुल गांधी भी उन्हें बिहार कांग्रेस के चेहरे के तौर पर देखना चाहते हैं। पर, क्या वही कांग्रेस की तरफ से सीएम पद का फेस भी होंगे, ये फिलहाल स्पष्ट नहीं हुआ है।

बैठक पर सियासत भी गर्म

इधर, महागठबंधन की बैठक पर सियासत गर्म है। बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने कहा- महागठबंधन को पिछले 3 चुनाव से नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार हराने का काम होता रहा है। आगे भी ये लोग हारते ही रहेंगे। हालांकि, अब देखना होगा कि इस बैठक को लेकर आगे चलकर क्या अपडेट सामने आती है।

Created On :   17 April 2025 7:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story