दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: अमित शाह जंगपुरा की चुनावी रैली में हुए शामिल, आप पर साधा जमकर निशाना, सिसोदिया और केजरीवाल को ठगजोड़ी का दिया नाम
- दिल्ली में थम गया प्रचार प्रसार का सिलसिला
- अमित शाह ने साधा आप पर निशाना
- ठगजोड़ी का दिया टाइटल
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन था। दिल्ली चुनावों को लेकर दिल्ली में सियासत गर्माई हुई है। ऐसे में ही आज यानी सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के जंगपुरा में चुनाव की रैली को संबोधित किया है और उन्होंने संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने पूर्व सीएम केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर जमकर निशाना डाला है और कहा है कि, छोटे मियां तो छोटे मियां, बड़े मियां की ठगेबाजी ने दिल्ली को ठगने का ही काम किया है।
मनीष सिसोदिया पर कसा तंज
उन्होंने कहा, "मनीष सिसोदिया यहां आए हैं। आपको उनसे पूछना चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्या किया कि उन्हें पटपड़गंज छोड़ना पड़ा। उन्होंने पटपड़गंज वालों से बहुत झूठे वादे किए हैं। अब उनको लगता है कि जंगपुरा जाकर लोगों को झूठे वादे करके बहला देंगे। मनीष सिसोदिया, आप दिल्ली में कहीं पर भी जाओ, सब लोग आपको जानते हैं। डिप्टी सीएम रहते हुए उन्होंने एक काम किया था, वो था सभी मंदिरों, स्कूलों और गुरुद्वारों के पास शराब की दुकानें खुलवाना। देश में केवल एक शिक्षा मंत्री है जो शराब घोटाले में जेल गया। शिक्षा मंत्री का काम होता है, बच्चों को शिक्षा देना, स्कूल बनाना, शिक्षकों का कल्याण करना, नए कॉलेज बनाना। ये सब तो कुछ उन्होंने किया नहीं, बल्कि दिल्ली में गली-गली में शराब की दुकानें खोली हैं। एक पटपड़गंज को धोखा देकर आया है। ये छोटे मियां, बड़े मियां की ठग जोड़ी ने दिल्ली को ठगने का काम किया है।"
अमित शाह ने केजरीवाल पर साधा निशाना
जंगपुरा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने आगे कहा, "अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि मैं यमुना जी के पानी में डुबकी लगाऊंगा। उन्होंने तो डुबकी नहीं लगाई। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनके कटआउट को डुबकी लगवा दी। हमारे भाजपा वाले बड़े सीधे हैं, उनके कटआउट को वहीं छोड़ दिया। मैंने फिर कहा कि कटआउट की तबियत पूछो कैसी है, तो जांच कराई तो पता चला, कटआउट को भी एम्स में आईसीयू में दाखिल करना पड़ा। इतना गंदा पानी है। उन्होंने यमुना को स्वच्छ नहीं किया, लेकिन आप भाजपा की सरकार बना दीजिए, 3 सालों में हम यमुना पर 'यमुना रिवर फ्रंट' बनाने का काम करेंगे।"
अमित शाह ने आगे क्या कहा?
उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता कह रहे हैं कि भाजपा आएगी तो सारी गरीब कल्याण की योजनाएं बंद हो जाएंगी। जबकि पीएम मोदी ने वादा किया है कि गरीब कल्याण की एक भी योजना बंद नहीं होगी। इसके अलावा दिल्ली की हर गरीब महिला को प्रतिमाह 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर देंगे और होली व दीपावली पर दो सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा। 10 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जाएगा। हर झुग्गी-झोपड़ी को मालिकाना हक देने का काम किया जाएगा।"
Created On :   3 Feb 2025 6:22 PM IST