ब्रेकअप से नाखुश युवक ने गर्लफ्रेंड को आखिरी बार मिलने बुलाया, अकेला पा कर किए चाकू से वार पर वार, 6 बार चाकू से गोदा, गर्लफ्रेंड का हुआ ये हाल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नए साल के मौके पर हुए कंझावला हिट एंड रन मामले के बाद राजधानी दिल्ली से एक और दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां के आदर्श नगर में 2 जनवरी को ब्रेकअप से नाखुश युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को सरेआम 6 बार चाकू मारकर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। जिसके बाद पीड़िता को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसके आधार पर दिल्ली पुलिस ने मौके से फरार हुए आरोपी को हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी युवक का नाम सुखविंदर है। पुलिस ने उस पर आईपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी है।
— ANI (@ANI) January 4, 2023
5 साल से थे रिलेशन में
बताया जा रहा है दोनों की दोस्ती करीब 5 साल पहले हुई थी। लड़की के परिवार वालों को दोनों के रिश्ते से ऐतराज था। इस वजह से लड़की ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी। लड़की की तरफ से ऐसा करना आरोपी सुखविंदर को पसंद नहीं आया। उसने इसकी वजह जानने के लिए लड़की को मिलने बुलाया। जिसके बाद दोनों लड़की के घर के पास वाली गली में मिले। जहां थोड़ी देर की बातचीत के बाद लड़के ने लड़की पर चाकू से कई बार हमला किया और फरार हो गया।
यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसके बाद टेक्निकल सर्विलांस की सहायता से दिल्ली पुलिस ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
राजधानी में सुरक्षित नहीं लड़कियां और महिलाएं
हाल ही राजधानी दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के कई मामले सामने आए हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। श्रद्धा मर्डर केस और कंझावला हिट एंड रन केस इसके सबसे बड़े उदाहरण हैं। आज ही राजधानी के पांडव नगर से भी एक मामला सामने आया है। जहां एक शख्स ने 19 साल की युवती को किडनैप करने की कोशिश की। लड़के ने अपनी कार में युवती को खींचने की कोशिश की, जब लड़की ने विरोध किया तो युवक ने उस पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। इस घटना में लड़की बुरी तरह घायल हो गई। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Created On :   4 Jan 2023 1:19 PM IST