Crime: अब छत्तीसगढ़ में शर्मसार हुई इंसानियत, दुष्कर्म का विरोध करने पर किशोरी को जिंदा जलाया

डिजिटल डेस्क, मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जब किशोरी ने इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो युवक ने उसे जिंदा जला दिया। इससे किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मुंगेली जिले के पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवागांव घुटेरा गांव में बबलू भास्कर (30 वर्ष) ने गांव की ही 14 वर्षीय किशोरी को दुष्कर्म का विरोध करने पर कथित रूप से जिंदा जला दिया। बालिका की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।
मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई और फरार हो गया आरोपी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 30 जून की रात भास्कर पड़ोस में रहने वाली बालिका के घर में घुसा और उसे अकेला पाकर उसने उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि जब लड़की ने इसका विरोध किया, तो भास्कर ने उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। इसके बाद भास्कर वहां से फरार हो गया। इसके बाद में पड़ोसी वहां पहुंचे तथा उन्होंने आग बुझाकर किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान बालिका की एक जुलाई को मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि किशोरी के परिजन की शिकायत पर पुलिस ने भास्कर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
Created On :   2 July 2020 7:46 PM IST