बेंगलुरु में श्रद्धा वाल्कर जैसा हत्याकांड: महिला का किया बेरहमी से कत्ल, शव के किए कई टुकड़े कर फ्रिज में रखे, बदबू न आए इसलिए किया केमिकल का छिड़काव

महिला का किया बेरहमी से कत्ल, शव के किए कई टुकड़े कर फ्रिज में रखे, बदबू न आए इसलिए किया केमिकल का छिड़काव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साल 2022 में राजधानी दिल्ली में हुआ श्रद्धा वाल्कर मर्डर केस तो आपको याद ही होगा। कैसे आफताब नाम के दरिंदे ने श्रद्धा के 36 टुकड़े कर दिए थे। इस खौफनाक वारदात से पूरा देश हिल गया था। ऐसा ही एक मामला बेंगलुरु से सामने आया है। जहां 29 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को 32 टुकड़ों में काटकर फ्रिज में रख दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को शक है कि महिला की हत्या हुए लगभग 15 दिन बीत चुके हैं। पुलिस को वारदात स्थल पर मृतका के शव के टुकड़े उसके घर में एक रेफ्रिजेटर के अंदर रखे मिले। पुलिस और एफएसएल की टीम वारदात स्थल पर जांच करने में जुटी हुई है। अभी तक इस हत्याकांड के पीछे का मकसद या फिर किसी संदिग्ध के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।

यह दिल दहलाने वाली घटना व्यालिकावल थाना अंतर्गत मुनेश्वरनगर की है। पुलिस ने बताया कि महिला नेपाली मूल की थी। उसका नाम महालक्ष्मी था। वह मुनेश्वरनगर इलाके में घर की पहले फ्लोर पर रहती थी। पुलिस के मुताबिक महिला की शादी हो चुकी थी। वह निजी कारणों के चलते अपने पति हुकुम सिंह राणा से अलग किराये के मकान में रह रही थी। उसके बच्चे भी हैं जो पति के साथ नेलमंगला में रहते हैं। इस सनसनीखेज घटना का खुलासा उस समय हुआ जब महिला की मां और मायके पक्ष के अन्य लोग उससे मिलने उसके घर आए। उन्हें महिला का फोन बंद बता रहा था, जिसके बाद उन्हें संदेह हुआ।

पुलिस कमिश्नर सतीश कुमार ने मीडिया को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया, घटना मुनेश्वरनगर इलाके में स्थित घर की पहली मंजिल पर हुई। उन्होंने आशंका जताई की हत्या को हुए 10-15 दिन बीत चुके हैं। बता दें कि पुलिस को महिला की डेड बॉडी के कई सारे पार्ट्स फ्रिज में रखे मिले हैं।

बदबू रोकने के लिए किया केमिकल का छिड़काव

अभी तक की जांच में पुलिस ने पाया कि महिला की हत्या को हुए कुछ दिन बीत चुके हैं। हत्यारे ने उसको मारने के बाद उसके शव के कई सारे टुकड़े किए और उन्हें फ्रिज में रख दिया। टुकड़ों से बदबू न आए इसके लिए हत्यारे ने उन पर केमिकल का छिड़काव भी किया था। महिला को मारने के बाद आरोपी घर में बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया।

Created On :   21 Sept 2024 4:56 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story