अर्जुन तेंदुलकर भी होंगे मेगा ऑक्शन का हिस्सा, U-19 टीम के युवा भी बिखेरेंगे चमक

- ऑक्शन के लिए यश का बेस प्राइस 20 लाख रुपए रखा गया है
- पिछली साल मुंबई इंडियंस ने अर्जुन को 20 लाख रुपए में टीम के साथ जोड़ा था
डिजिटल डेस्क, मुंबई। आईपीएल के आगामी सीजन की नीलामी के लिए मंच सज चुका है। 12 और 13 फरवरी को 10 फ्रैंचाइजी 590 खिलाड़ियों पर दांव लगाने जा रही है। इस लिस्ट में महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के शहजादे अर्जुन तेंदुलकर का नाम भी शामिल है।
मेगा ऑक्शन के लिए अर्जुन तेंदुलकर की बेस प्राइस 20 लाख रुपए है। उन्हें अनकैप्ड ऑलराउंडर की लिस्ट में रखा गया है। पिछले साल भी अर्जुन ऑक्शन का हिस्सा थे, तब भी उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपए ही था। पिछली साल मुंबई इंडियंस ने इस क्रिकेटर को अपने साथ बेस प्राइस पर टीम के साथ जोड़ा था।
पिछले साल अर्जुन पर सभी की निगाहें बनी हुई थीं, लेकिन पिछले सीजन में वह एक भी मैच नहीं खेल पाए थे और बीच सीजन में ही चोटिल होने के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। 22 साल के अर्जुन ने पिछले साल सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट के जरिए अपना टी20 डेब्यू किया था। उस दौरान अर्जुन दो मुकाबलों में इतने ही विकेट चटकाए थे।
इन युवा खिलाड़ियों पर भी रहेगी सभी की नजरें-
अभी U-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप भी चल रहा है, जहां अपने शानदार प्रदर्शन के जरिये युवा सितारे भी ऑक्शन में अपनी मजबूत दावेदारी ठोक रहे है। आइये एक नजर डालते है उन नामों पर जो मेगा ऑक्शन में सबको चौंका सकते हैं -
1. डेवाल्ड ब्रेविस
मौजूदा U-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के लिए खेल रहे डेवाल्ड ब्रेविस ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने अब तक खेले गए 4 मैचों में एक शतक और 3 अर्धशतकों के साथ 362 रन बनाए हैं।
क्रिकेट फैंस उन्हें "बेबी एबी डिविलियर्स", "बेबी एबी" और "एबीडी 2.0" के नाम से बुला रहे हैं, क्योंकि उनके खेलने का अंदाज साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स के जैसा है।
उन्होंने आईपीएल में विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से खेलने की इच्छा जाहिर की है।
2. यश धुल
भारतीय U-19 टीम के कप्तान यश धुल बहुत ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी है। ऑक्शन के लिए यश का बेस प्राइस 20 लाख रुपए रखा गया है। वर्ल्ड कप की बात करें तो उन्होंने दो मुकाबलों में 102 की औसत से 102 रन ही बनाए हैं।
3. हूरनूर सिंह
सलामी बल्लेबाज हूरनूर सिंह का मौजूदा U-19 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने अब तक चार पारियों में 26 की औसत से 104 रन बनाए हैं। ऑक्शन में उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपए है।
4. राज अंगद बावा
मौजूदा U-19 वर्ल्ड कप में राज बावा ने बतौर ऑलराउंडर अपनी छाप छोड़ी है। उन्होंने अब तक 72 की औसत से 217 रन बनाए हैं और साथ ही 4 विकेट भी अपने नाम किए हैं। ऑक्शन में राज बावा का बेस प्राइस 20 लाख रुपए है।
5. विकी ओस्तवाल
बाएं हाथ के स्पिनर विक्की ओस्तवाल ने मौजूदा विश्व कप में अब तक भारत के लिए 10 की औसत से सबसे ज्यादा 9 विकेट लिए है। उन्हें नीलामी में 20 लाख रुपए के बेस प्राइस कैटेगरी में शामिल किया गया है।
6. राजवर्धन हेंगरगेकर
तेज गेंदबाज राजवर्धन हेंगरगेकर का बेस प्राइस 30 लाख रुपए है। उन्होंने 16 की औसत से 5 विकेट लिए हैं।
7. कौशल तांबे
U-19 वर्ल्ड कप में अब तक तांबे ने चार पारियों में 86 रन बनाए हैं और तीन विकेट लिए हैं। कौशल तांबे का बेस प्राइस 20 लाख रुपए है।
Created On :   2 Feb 2022 1:32 PM IST