Shahdol News: पर्व से पहले मरम्मत नहीं, सडक़ों पर गड्ढों की भरमार

पर्व से पहले मरम्मत नहीं, सडक़ों पर गड्ढों की भरमार
  • श्रद्धा के पर्व पर लोग हिचकोले खाने होंगे विवश, गड्ढे भरने में बेपरवाह नगर पालिका
  • नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने कहा कि नवरात्रि पर्व से पहले गड्ढों को भरवाएंगे।
  • गड्ढे भरने में नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा आए दिन आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

Shahdol News: नवरात्रि पर्व दो दिन बाद प्रारंभ हो जाएगा। इस बीच शहर में जिन स्थानों पर नवदुर्गा उत्सव की तैयारियां चल रही है, वहां तक पहुंचने के रास्ते पर गड्ढों की भरमार है। ऐसे में लोग पर्व के दौरान गड्ढों पर हिचकोले खाते माता के दर्शन को पहुंचेंगे। संभाग मुख्यालय में सडक़ पर गड्ढे गंभीर समस्या बन गई है। यह स्थिति तब है जब नगर पालिका चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी का प्रमुख मुद्दा ही शहर की खराब सडक़ें थी। नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बने तो दो साल बाद भी सडक़ों की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसका खामियाजा आमजनों को भुगतना पड़ रहा है। आवागमन के दौरान सडक़ पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण कई बार लोग हादसे का शिकार होकर चोटिल तक हो जा रहे हैं।

स्टेडियम के पीछे

महात्मा गांधी स्टेडियम के पीछे वार्ड क्रमांक 6 स्थित मुख्य मार्ग पर भी दुर्गा पूजन उत्सव की तैयारियां तेजी से चल रही है। वार्डवासियों ने बताया कि यहां सडक़ के गड्ढे भरने को लेकर नगर पालिका का रवैया उदासीन बना हुआ है।

इंदिरा चौक

रेलवे स्टेशन से बसस्टैंड पहुंच मार्ग पर इंदिरा चौक के समीप बीते कई दशकों से मां दुर्गा पूजन उत्सव मनाया जाता है। इस बार भी समिति ने तैयारियां प्रारंभ कर दी है। इस बीच यहां चौक के समीप कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं।

नागरिकों ने कहा- शहर में ऐसी कोई सडक़ नहीं जहां गड्ढे न हों

नागरिकों का कहना है कि गड्ढे भरने में नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा आए दिन आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। शहर में ऐसी कोई सडक़ नहीं है, जहां गड्ढे न हो। इसमें जल संसाधन कार्यालय के पीछे, गायत्री मंदिर रोड, पटेल नगर, सोहागपुर गढ़ी के आसपास, नगर पालिका अध्यक्ष का वार्ड, पांडवनगर, रेलवे कॉलोनी, नरसरहा, वार्ड क्रमांक 28, स्टेशन रोड सहित अन्य सडक़ें शामिल हैं। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन में परिवार के सदस्यों के साथ काम पर निकलने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

अध्यक्ष ने कहा-जल्द भरवाएंगे गड्ढे

नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने कहा कि नवरात्रि पर्व से पहले गड्ढों को भरवाएंगे। इसके लिए मंगलवार से ही अमले को मैदान में उतार रहे हैं। जहां भी बड़े गड्ढे हैं, उन्हे जल्द से जल्द भरवाएंगे। इस काम में बारिश के कारण देरी हुई।

Created On :   1 Oct 2024 8:43 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story