- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- मुख्यमंत्री की घोषणा के 19 माह बाद...
Shahdol News: मुख्यमंत्री की घोषणा के 19 माह बाद भी शहडोल नगर निगम का प्रस्ताव ठंडे बस्ते में

- 10 साल में नहीं जुड़ सके 11 गांव
- वर्तमान में शहडोल शहर की आबादी एक लाख 20 हजार से ज्यादा है।
- नागरिकों की मांग है कि शहडोल संभाग मुख्यालय है, इसलिए नगर निगम बनाया जाना चाहिए।
Shahdol News: नगर पालिका शहडोल में आसपास के 11 गांव को शामिल करने की प्रक्रिया 10 साल में पूरी नहीं हुई। इन गांव को नगर पालिका में शामिल करने के लिए 2015 से प्रक्रिया चल रही है। अब भोपाल से अंतिम प्रकाशन का इंतजार है। शहडोल नगर पालिका को नगर निगम बनाने की घोषणा 23 अगस्त 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी। इधर, मुख्यमंत्री की घोषणा के 19 माह बाद भी नगर निगम बनाने की प्रक्रिया ठंडे बस्ते में है।
वर्तमान में शहडोल शहर की आबादी एक लाख 20 हजार से ज्यादा है। 11 गांव को शामिल करने के बाद आबादी लगभग डेढ़ लाख के आसपास होगी। इसके साथ ही अन्य 5 गांव को शामिल करने की मांग उठ रही है। इन गांव को भी शामिल करने के बाद भी आबादी 2 लाख से ज्यादा होगी। नगर निगम बनाने के लिए 3 लाख की आबादी का नियम है पर मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा, खंडवा, मुरैना, बुरहानपुर व कटनी ऐसे नगर निगम हैं, जिनकी आबादी 3 लाख से कम है। इसी आधार पर शहडोल नगर निगम बनाने का दावा मजबूत बताया जा रहा है।
और 5 गांव को भी शामिल करना जरूरी
जानकार बताते हैं कि शहडोल नगर पालिका में 5 गांव को और शामिल किया जाना चाहिए। इनमें नवलपुर, धुरवार, हर्री, हरदी व फतेहपुर शामिल हैं। वर्तमान में नगर पालिका का इंटकवेल नवलपुर गांव के सरफा डैम पर स्थित है। सोन बैराज निर्माण की तैयारी भी नवलपुर गांव की सीमा में प्रस्तावित है। नवलपुर में विश्वविद्यालय भी है, ऐसे में वहां तक विस्तार जरूरी है। इसी प्रकार अन्य गांव भी शहडोल शहर की सीमा से लगे हैं।
इन 11 गांव को शामिल करने की चल रही प्रक्रिया
पिपरिया, छतरपुर, कोइलारी, कोटमा, चांपा, गोरतरा, कुदरी, जमुआ, जमुई, कल्याणपुर व विचारपुर।
संभाग मुख्यालय शहडोल बने नगर निगम- नागरिकों की मांग है कि शहडोल संभाग मुख्यालय है, इसलिए नगर निगम बनाया जाना चाहिए। नगर निगम बनने से विकास कार्यों का बजट ज्यादा होगा, इससे लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया होगी।
जरूरी है विस्तार
नगर पालिका अध्यक्ष रहते 11 गांव को नगर पालिका में शामिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ की थी, 10 साल में यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। अन्य 6 गांव को शामिल कर नगर पालिका का विस्तार जरूरी है।
प्रकाश जगवानी, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका शहडोल
11 गांव को शामिल करने की प्रक्रिया चल रही है। भोपाल से अंतिम प्रकाशन होना है।
अक्षत बुंदेला, सीएमओ नगर पालिका शहडोल
जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे। शहडोल नगर निगम बनने से विकास की रफ्तार और तेज होगी।
अमिता चपरा, जिलाध्यक्ष भाजपा शहडोल
Created On :   24 April 2025 6:39 PM IST