Seoni News: 6 दिन में 13 डिग्री उछलकर 41 पर पहुंचा पारा

6 दिन में 13 डिग्री उछलकर 41 पर पहुंचा पारा
  • सीजन का सबसे गर्म दिन रहा सोमवार
  • गमी का पारा चढ़ते ही स्कूलों के समय में बदलाव की मांग भी उठने लगी है।
  • दिन के समय बाजारों में चहल-पहल भी कम ही दिखी और अधिकतर लोगों ने घर पर ही रहना पसंद किया।

Seoni News: गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। सोमवार को सिवनी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। अधिकतम तापमान में 6 दिन में ही 13 डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज हुआ है। पिछले बुधवार को अधिकतम तापमान 30.8 तथा न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। सोमवार को न्यूनतम तापमान तो 18.4 डिग्री सेल्सियस ही रहा, लेकिन अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान चालीस डिग्री के पार चले जाने का असर भी दिखा।

सूरज की तेज किरणें व चुभती धूप से लोग परेशान नजर आए। दिन के समय बाजारों में चहल-पहल भी कम ही दिखी और अधिकतर लोगों ने घर पर ही रहना पसंद किया। गर्मी के तेवर बढ़ते ही कूलर, एसी सहित ठण्डे पेय की डिमांड भी बढ़ गई है। शाम के बाद आइसक्रीम पार्लर आदि स्थानों पर भीड़ नजर आई।

सुबह की पाली में संचालित हों शैक्षणिक संस्थाए

गमी का पारा चढ़ते ही स्कूलों के समय में बदलाव की मांग भी उठने लगी है। प्रांतीय शिक्षक संघ व राज्य कर्मचारी संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी व सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग के माध्यम से कलेक्टर से मांग की है कि बच्चों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए जिले के सभी विद्यालय सुबह की पाली में संचालित किए जाएं। अप्रैल माह की भीषण गर्मी में बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

आलम यह है कि बहुत कम बच्चे स्कूल पहुच रहें हैं। बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए पालकों से बात की जा रही है, लेकिन भीषण तपन के कारण उपस्थिति संतोषजनक नहीं है। प्रांतीय शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष व राज्य कर्मचारी संघ के तहसील अध्यक्ष मनीष मिश्रा ने बताया है कि इस गर्मी में विद्यालयों में पेयजल समस्या का भी सामना करना पड़ता है। लू लगने का खतरा भी बना हुआ है। कलेक्टर से मांग की गई है कि स्कूलों का संचालन सुबह की पाली में कराया जाए, ताकि बच्चों को परेशानी से बचाया जा सके।

दिनांक अधिकतम तापमान

2 अप्रैल 28.2

3 अप्रैल 30.4

4 अप्रैल 35.2

5 अप्रैल 38.2

6 अप्रैल 39.2

7 अप्रैल 41.0

Created On :   8 April 2025 2:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story