Satna News: सतना में मिला 9वीं प्रजाति का वन सुंदरी सांप, रेस्क्यू कर छोड़ा सरभंगा

सतना में मिला 9वीं प्रजाति का वन सुंदरी सांप, रेस्क्यू कर छोड़ा सरभंगा
  • जिले में वन विभाग को अभी तक 8 प्रजाति के सांप मिले हैं, जिसमें से वन सुंदरी को 9वीं प्रजाति का माना जा रहा है।
  • जिले का चित्रकूट उप वन मंडल का बेल्ट वन वास्तव में जैव विविधता से भरा पड़ा है।

Satna News: शहर से लगे सोहावल रोड पर स्थित एक रिसॉर्ट में सोमवार की सुबह 10 बजे दुर्लभ प्रजाति का वन सुंदरी सांप देखा गया। लोगों ने इसकी जानकारी वन विभाग को दी। एसडीओ डॉ. लाल सुधाकर सिंह ने बताया कि हमारे जिले की जैव विविधता का परिणाम है कि यहां पर ऐसे भी सर्प पाए जाते हैं, यह एक खोज का विषय है। इसका अंग्रेजी नाम ट्रिंकेट स्नेक होता है। ये बिना जहर वाला सांप है। जिले में वन विभाग को अभी तक 8 प्रजाति के सांप मिले हैं, जिसमें से वन सुंदरी को 9वीं प्रजाति का माना जा रहा है।

भीड़ देख कमरे में घुस गया

रेस्क्यू टीम के नरेन्द्र पयासी ने बताया कि मैदान पार कर रहे विचित्र चमक वाले सांप को देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देख सहमा हुआ सांप रिसॉर्ट के कमरे के पास जाकर बैठ गया। श्री पयासी के अनुसार रेस्क्यू के दौरान स्नेक स्टिक का उपयोग न करते हुए उसके सामने स्नेक बॉक्स रख दिया, जिसमें वह स्वयं घुस गया। इसके बाद उसको मझगवां के सरभंगा के जंगल में छोड़ दिया।

जैव विविधता से भरा है चित्रकूट उप वन मंडल

डीएफओ मयंक चांदीवाल ने बताया कि जिले का चित्रकूट उप वन मंडल का बेल्ट वन वास्तव में जैव विविधता से भरा पड़ा है। दुर्लभ जीवों को बचाने की आवश्यकता हैं। उन्होंने बताया कि वन सुंदरी सांप बहुत ही शांत होते हैं पर जब यह आक्रामक हो जाते हैं तो बहुत ही गुस्से से अपने शरीर को मोड़ कर अचानक से जोरदार हमला करते हैं। यहां पर सांपों में सबसे बड़ी बिरादरी कोबरा सांप की है। इस प्रजाति के सांप यहां सबसे ज्यादा दिखते हैं। दूसरे क्रम पर रैट स्नेक (धामन) आता है कॉमन वुल्फ, करैत, रसल्स वाइपर, अजगर समेत 8 प्रजाति के सांप यहां देखने को मिलते हैं।

गुस्से में निखर जाता है रूप

डीएफओ बताते हैं कि इसकी एक खूबी इसे दूसरों से अलग बनाती है। गुस्से में इस सांप का रूप और निखर जाता है। हमला करने के साथ ही इसके मुंह पर लालिमा बढऩे लगती है। इसका मुंह अन्य सांपों की अपेक्षा लंबा और पतला होता है। आंखों के नीचे की ओर दो काली लाइन होती है। गर्दन के नीचे की ओर हल्के पीले, चॉकलेटी और हल्के काले रंग के चिक्स दिखाई देते हैं।

Created On :   15 Oct 2024 9:03 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story