Satna News: प्रदेश में औद्योगिक विकास की दर 12 प्रतिशत - सीएम

प्रदेश में औद्योगिक विकास की दर 12 प्रतिशत - सीएम
  • मुख्यमंत्री लगभग ढाई किलोमीटर के रोड शो में भी शामिल हुए।
  • सीएम ने मैहर में 71 करोड़ से भी ज्यादा लागत के निर्माण कार्यों के लिए भूमिपूजन एवं लोकार्पण किए।
  • अब तक 55 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि तक सिंचन जल पहुंचाया गया है।

Satna News: मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने रविवार को मैहर में आयोजित एक आम सभा में कहा कि मध्यप्रदेश सबसे तेज गति से औद्योगिक विकास करने वाला राज्य है। वर्ष 2003 की स्थिति में विकास दर एक प्रतिशत सेे कम थी। मौजूदा समय में यह रफ्तार 12 फीसदी है। उन्होंने कहा कि 10 से अधिक गाय पालने वालों को सरकार 25 हजार का अनुदान देगी। सीएम ने मैहर में 71 करोड़ से भी ज्यादा लागत के निर्माण कार्यों के लिए भूमिपूजन एवं लोकार्पण किए। इससे पहले उन्होंने मां शारदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री लगभग ढाई किलोमीटर के रोड शो में भी शामिल हुए।

किसानों को मुफ्त देंगे सौर ऊर्जा

मुख्यमंत्री डा. यादव ने कहा कि प्रदेश में 32 लाख सोलर पंप लगाकर किसानों को मुफ्त में बिजली दी जाएगी। किसानों के उपयोग से ज्यादा बिजली को सरकार किसानों से कैश में खरीदेगी। 5 साल में 1 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र तक सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

अब तक 55 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि तक सिंचन जल पहुंचाया गया है। डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि कश्मीर में धारा 370 के लागू होने से जहां आतंकवादियों की कमर टूटी है, वहीं पाक अधिकृत कश्मीर भी भारत में मिलने की मांग कर रहा है।

पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा आल्हा वर्ष

मां शारदा के अनन्य भक्त एवं परमवीर आल्हा के प्रति गहरी आस्था व्यक्त करते हुए डा. मोहन यादव ने कहा कि आल्हा का 1300 वां जन्म वर्ष समूचे प्रदेश में साल भर मनाया जाएगा। आल्हा के जीवन से जुड़े कार्यक्रम सरकारी व्यय पर आयोजित किए जाएंगे। आम सभा को ग्रामीण विकास राज्यमंत्री एवं मैहर जिले की प्रभारी मंत्री राधा सिंह, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह एवं विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने भी संबोधित किया।

Created On :   7 April 2025 5:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story