- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- पन्ना विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन...
Panna News: पन्ना विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन बोले विष्णु दत्त शर्मा- संगठन विस्तार ही सत्ता का मार्ग

- पन्ना विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन
- संगठन विस्तार ही सत्ता का मार्ग: विष्णु दत्त शर्मा
Panna News: पन्ना विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। श्री जगन्नाथ स्वामी टाउन हॉल पन्ना में आयोजित इस सम्मेलन में पन्ना विधानसभा के पांचों मंडलों के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा उपस्थित रहे। मंच पर अन्य प्रमुख नेताओं की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ राष्ट्रीय गीत एवं भारत माता तथा पितृ पुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा ने दिया। पूर्व मंत्री व पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का स्वरूप विषय पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने 2003 से पहले के मध्यप्रदेश और 2014 से पहले के भारत की तुलना करते हुए वर्तमान विकसित स्वरूप को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच और राष्ट्र प्रथम विचारधारा का परिणाम बताया। उन्होंने एक राष्ट्र एक चुनाव की दिशा में बढ़ते कदमों का उल्लेख करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का समर्थन प्राप्त करने के लिए कार्यकर्ताओं से आव्हान किया। उन्होंने पार्टी की स्थापना ०6 अप्रैल 1980 और अटल बिहारी वाजपेयी को पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में याद किया। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के एक प्रधान, एक निशान, एक विधान के स्वप्न को धारा 370 और 35। को हटाकर साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की। पन्ना जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ने कहा कि भाजपा राजनीति में सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए आई है।
जिला प्रभारी उमेश शुक्ला ने भाजपा के अंत्योदय के सिद्धांत की महत्ता बताते हुए कहा कि इसी के कारण समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास केवल भाजपा के सिद्धांत में है जबकि अन्य राजनीतिक दल परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ सके हैं। मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे प्रदेश में 97 हजार सक्रिय और 1 करोड़ 73 लाख प्राथमिक सदस्य हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि संगठन के व्यापक विस्तार से ही सत्ता प्राप्ति का मार्ग खुलता है आज हम सत्ता में संगठन की व्यापकता की वजह से ही हैं। उन्होंने भाजपा की स्थापना वर्ष 1980 और इसकी विचारधारा की जड़ों 1951 में जनसंघ की स्थापना और उससे पहले 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी सैद्धांतिक मापदंड पर 100 वर्ष पूरे कर रही है। सांसद श्री शर्मा ने 1951 से 2014 तक स्पष्ट बहुमत की सरकार न बनने और 2014 से अब तक लगातार भाजपा सरकार की प्रादेशिक, अखिल भारतीय और वैश्विक उपलब्धियों का विस्तृत विवरण कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा के सिद्धांतों में सत्ता केवल जन सेवा और देश को गौरवशाली बनाने का माध्यम है। कार्यक्रम का संचालन सुशील त्रिपाठी ने किया और आभार प्रदर्शन कमल लालवानी ने व्यक्त किया। आज के सम्मेलन में प्रमुख रूप से जिला प्रभारी उमेश शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष सतानंद गौतम व बाबूलाल यादव, नगर पालिका अध्यक्ष पन्ना मीना पाण्डेय, विष्णु पाण्डेय, राजनगर विधायक अरविंदर पटैरिया, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी आशीष तिवारी एडवोकेट, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामऔतार बब्लु पाठक, श्रीमती ऊषा सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव, महिला मोर्चा अध्यक्ष शशि परमार सहित विधानसभा क्षेत्र के अनेक सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
Created On :   10 April 2025 2:02 PM IST