- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- वर्ष 2022 : 12 महीनों में कत्ल की...
वर्ष 2022 : 12 महीनों में कत्ल की 54 वारदातों से दहला जिला

डिजिटल डेस्क,सतना। कोरोना के प्रतिबंधों से पूरी तरह मुक्त रहा साल 2022 अब समाप्ति की ओर है। नए वर्ष के आगमन में मात्र 12 दिन शेष रह गए हैं। बचे समय में जिले की पुलिस लंबित अपराधों के निराकरण में जी-जान से जुट गई है, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद इस साल में कत्ल और कत्ल की कोशिश के अपराधों को रोकने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाई। जमीन के विवाद, प्रेम-प्रसंग, पुरानी रंजिश और लेन-देन के झगड़ों में 54 लोग मौत के घाट उतार दिए गए, तो 40 व्यक्तियों की जान जाते-जाते बची। पुलिस के दावों की मानें तो 11 दिसंबर की रात को कोलगवां थाना क्षेत्र के नईबस्ती में युवक की हत्या के 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने और 17 दिसंबर की रात को मझगवां के पिंड्रा में 70 वर्षीय बुजुर्ग के अंधे कत्ल का पर्दाफाश न होने के अलावा हत्या का कोई प्रकरण लंबित नहीं है।
बीते दो वर्षो की तुलना में राहत
कोरोना से बुरी तरह प्रभावित रहे वर्ष 2020 और 2021 के आंकड़ों की तुलना में इस साल कम हत्याएं हुईं, मगर कत्ल की कोशिश के मामले बढ़ गए। साल 2020 में जहां 63 हत्याएं और 43 हत्या के प्रयास के अपराध दर्ज किए गए, वहीं 2021 में मर्डर के 58 एवं जान से मारने की कोशिश के 36 प्रकरण कायम किए गए थे। वह भी तब जब कोरोना के प्रतिबंधों के चलते एक लंबे समय तक लोग घरों तक सीमित कर दिए गए थे।
फैक्ट फाइल
वर्ष हत्या हत्या की कोशिश
2020 63 43
2021 58 36
2022 54 40
Created On :   20 Dec 2022 1:00 PM IST