ठंड का असर ट्रेनों पर भी, कई घंटे देरी से चल रहीं

डिजिटल डेस्क,शहडोल। जिले में ठंड ने एक बार फिर पलटवार किया है। न्यूनतम पारा जो 7-8 डिग्री तक जा पहुंचा था, बुधवार को लुढक़र 4-5 डिग्री तक जा पहुंचा। पूरे दिन ठंडी हवाएं चलीं। गलनभरी ठंड के कारण लोगों को परेशानी हुई। अधिकतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया।
पड़ रही तेज ठण्ड का असर अंचल से गुजरने वाली ट्रेनों पर भी पड़ा है। जिले से गुजरने वाली 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस के शहडोल स्टेशन आने का निर्धारित समय सुबह 6 बजकर 5 मिनट है। बुधवार को 13 घंटे की देरी से चली। इसी प्रकार 15231 बरौनी गोंदिया एक्सप्रेस ट्रेन भी 5 घंटे देरी से चलकर शहडोल पहुंची। ठंड के कारण कोहरे का असर लंबे समय तक बना रहेगा, जिसके कारण ट्रेनों के लेट होने की संभावना बनी हुई है। स्टेशन में ट्रेन का इंतजार में यात्री बैठे नजर आये। वहीं मौसम विभाग के जानकारों का कहना है कि पारे में अभी और गिरावट आएगी। बारिश की संभावना तो नहीं है लेकिन ठंड का असर कुछ दिनों तक रहने वाला है।
Created On :   19 Jan 2023 7:36 PM IST