- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- धारा 144 लागू, मुंबई बाग का धरना...
धारा 144 लागू, मुंबई बाग का धरना खत्म नहीं करा पा रही पुलिस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना को लेकर जहां मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में लोगों को भीड़भाड़ से बचने और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल न होने की अपील की जा रही है। टूर और पिकनिक पर धारा 144 के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है वहीं दूसरी ओर नागपाडा इलाके में अब भी नागरिकता कानून के खिलाफ धरना जारी है। पुलिस कह रही है कि वह धरना खत्म कराने की कोशिश कर रही है लेकिन आयोजकों का दावा है कि धरना जारी रहेगा लेकिन बीमारी से बचने के लिए जरूरी एहतियात बरती जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता फिरोज मिठीबोरवाला ने कहा कि हम देश के लिए आंदोलन कर रहे हैं तो अपनी जिम्मेदारी भी समझते हैं। मुंबई में भी दिल्ली के शाहीन बाग की तर्ज पर धरना जारी रहेगा। लेकिन एहतियातन यहां सैनेटाइजर, हैंडवाश और मास्क के इंतजाम किए गए हैं। करीब 50 महिलाएं यहां अब भी धरने पर बैठी हैं। लोगों को बीमारी से बचाने के लिए उन्हें एक दूसरे से सुरक्षित दूरी पर भी बिठाया जा रहा है। वहीं मुंबई पुलिस के प्रवक्ता और पुलिस उपायुक्त प्रणय अशोक ने दावा किया कि पुलिस धरना खत्म करने के लिए लोगों को समझाने बुझाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा हम इसके लिए बातचीत के जरिए रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
बार और पब पर पाबंदी
लोगों की भीड़भाड़ रोकने के लिए मुंबई में डांस बार, आर्केस्ट्रा बार, डिस्कोथेक, पब, डीजे, लाइव बैंड आदि पर रोक लगा दी है। मंगलवार को इससे जुड़ा आदेश जारी किया गया। महानगर के सभी पुलिस उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि 31 मार्च तक वे अपने इलाकों में होने वाले सार्वजनिक मनोरंजन की जगहों पर कार्यक्रमों की इजाजत न दें।
कैदी तैयार कर रहे मास्क
कोरोना की वजह से मास्क की किल्लत को देखते हुए जेलों में बंद कैदी मास्क तैयार करने में जुट गए हैं। राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख की योजना पर राज्य की सभी मध्यवर्ती जेलों में कैदी मास्क तैयार करने में जुटे हैं। क्योंकि अचानक मांग बढ़ने से मास्क की किल्लत पैदा हो गई है।
Created On :   17 March 2020 10:12 PM IST