- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- स्नातक निर्वाचन चुनाव की तैयारी,...
स्नातक निर्वाचन चुनाव की तैयारी, जुटे काम पर जुटे कांग्रेस विधायक-मंत्री, उम्मीदवार का नाम जल्द तय

डिजिटल डेस्क, नागपुर। विधानपरिषद की नागपुर स्नातक निर्वाचन सीट के लिए चुनाव में कांग्रेस जोर आजमाएगी। पार्टी के विधायकों व मंत्रियों काे इस चुनाव के लिए काम पर लगाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष बालासाहब थोरात की अध्यक्षता में मुंबई में हुई बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि जल्द ही पार्टी की ओर से उम्मीदवार तय कर दिया जाएगा। चुनाव के नियोजन के लिए तहसील स्तर पर कार्य करने को कहा गया है। पार्टी की ओर से इच्छुक उम्मीदवारों में अभिजीत वंजारी, अमर वरहाडे जैसे कुछ नाम ही सामने आए हैं। मतदाता पंजीयन के कार्य को विशेष प्राथमिकता के साथ पूरा करने को कहा गया है।
जिम्मेदारी तय करें
कांग्रेस सूत्र के अनुसार गांधी भवन मुंबई में हुई बैठक में चुनाव तैयारी पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में मंत्री नितीन राऊत, सुनील केदार, विजय वडेट्टीवार, पूर्व मंत्री राजेंद्र मुलक, रंजीत कांबले, महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष चारुलता टोकस, विधायक विकास ठाकरे, विधायक प्रतिभा धानाेरकर, प्रदेश प्रवक्ता संजय दुबे सहित पूर्व विदर्भ के सभी जिलों के कांग्रेस अध्यक्ष व प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सभी प्रमुख नेताओं ने िवचार रखे। विधायक ठाकरे ने कहा कि चुनाव कार्य के लिहाज से उम्मीदवार का नाम जल्द तय कर लिया जाना चाहिए। वडेट्टीवार का मत था कि इस बार चुनाव कार्य की प्रमुख जिम्मेदारी किसी मंत्री या नेता को दिया जाना चाहिए। मंत्री राऊत ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद राज्य की राजनीति बदली है। पूर्व विदर्भ में भी कांग्रेस के लिए अच्छी स्थिति है। समन्वय के साथ चुनाव कार्य को अंजाम दें तो सफलता पायी जा सकती है।
मतदाता पंजीयन बढ़ाने पर जोर
इस चुनाव में मतदाता पंजीयन कराने का काफी महत्व रहता है। लिहाजा मतदाता पंजीयन बढ़ाने पर जोर दिया गया। विधायक व प्रमुख पदाधिकारी से कहा गया कि वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में जल्द से जल्द मतदाता पंजीयन करवाएं। पंजीयन बढ़ाने के लिए सामाजिक संगठनों का सहयोग लें। साथ ही स्नातकों के बीच जाकर राज्य व केंद्र की नई राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करें। 25 मार्च तक मतदाता पंजीयन कराएं। ताकि 31 मार्च तक मतदाता सूची सबमिट की जा सकें। चर्चा में तय किया गया कि 31 मार्च के बाद उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया जाए।
मतदाता संख्या बढ़ेगी
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि इस बार पहले से अधिक मतदाता रहेंगे। इस सीट के अंतर्गत पूर्व विदर्भ के 6 जिले आते हैं। नागपुर , भंडारा, गोंदिया, गड़चिरोली, वर्धा व चंद्रपुर जिले के स्नातक मतदाता मतदान करेंगे। इस क्षेत्र के चुनाव का इतिहास देखा जाए तो अब तक यहां भाजपा का भी प्रभाव रहा है। सबसे पहले इस क्षेत्र से गंगाधर फड़णवीस ने विधानपरिषद मे ंप्रतिनिधित्व किया। वे पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के पिता थे। उसके बाद 2012 तक नितीन गडकरी इस सीट से चुनाव जीतते रहे। फिलहाल भाजपा के प्रा.अनिल सोल इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जून में चुनाव हो सकते हैं। अक्टूबर 2019 से इस चुनाव के लिए मतदाता पंजीयन शुरु हुआ है।
Created On :   12 March 2020 8:28 PM IST