- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- 10142 किसानों की कर्ज मुक्ति अधर...
10142 किसानों की कर्ज मुक्ति अधर में अटकी, किसानों की लगी सूची

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य सरकार ने भले ही जिले के 50232 किसानों को कर्जमुक्ति के लिए पात्र माना, लेकिन जिला प्रशासन की तरफ से 40 हजार 90 किसानों की ही सूची बैंक व संबंधित ग्राम पंचायतों में लगी हुई है। शेष 10142 किसानों को कर्जमुक्ति का लाभ कब मिलेगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। राज्य सरकार ने अप्रैल 2015 से सितंबर 2019 तक जिन पर 2 लाख तक का फसल कर्ज बकाया है, उन किसानों का कर्ज माफ करने का निर्णय लिया है और उससंबंध में जीआर भी जारी हो चुका है। महात्मा ज्योतीराव फुले किसान कर्जमुक्ति योजना के तहत 2 लाख तक के कर्ज माफ किए जा रहे है। योजना में किसीप्रकार की गड़बड़ न हो इसलिए विशेषप्रकार का पोर्टल तैयार किया गया हैै। जिले में 50232 किसान कर्जमुक्ति के लिए पात्र होने की जानकारी जिला प्रशासन की तरफ से दी गई। 40 हजार 90 किसानों की सूची बैंक, संबंधित ग्राम पंचायतें व तहसील कार्यालयों में लगी हुई है। शेष 10 हजार 142 किसानों को कर्जमुक्ति का लाभ मिलेगा या नहीं, इसका जवाब प्रशासन के पास नहीं है।
लाभार्थियों में कुछ सरकारी कर्मचारी होने का संदेह
सूत्रों की माने तो कुछ किसान सरकारी कर्मचारी होने, ग्राम पंचायत सदस्य होने, सहकारी संस्थाआें में सदस्य या पदाधिकारी होने की बात सामने आई है। इन लोगों को कर्जमुक्ति का लाभ नहीं मिल सकेगा।
डाटा मिस मैच होने का संदेह
कुछ किसानों का डाटा मिस मैच होने का भी संदेह जताया जा रहा है। 50232 किसान कर्जमुक्ति के लिए पात्र होने की जानकारी सामने आने के बाद भी पोर्टल से 40 हजार 90 किसानों की ही सूची बाहर आई है।
शेष किसानों की सूची क्यों नहीं लगी पता नहीं
विजयसिंह बैंस प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक के मुताबिक जिले में पात्र किसानों की संख्या 50232 है। इनमें से अभी तक 40 हजार 90 किसानों की सूची लगी है और वेरीफाइड होने के बाद 25 हजार से ज्यादा किसानों के बैंक खाते में निधी जमा भी हो चुका है। 10142 पात्र किसानों की सूची क्यों जाहिर नहीं हुई, इसकी जानकारी नहीं है। सरकारी कर्मचारी, ग्राम पंचायत सदस्य, नगर परिषद सदस्य, सहकारी संस्था के सदस्य सूची में होंगे तो उन्हें बाहर किया जाएगा।
पोर्टल से इतने ही किसानों की सूची जाहिर हुई
जिला उपनिबंधक सहकार विभाग अजय कडु के मुताबिक पोर्टल से जितने किसानों की सूची जाहिर हुई, उनके नामों की सूची लगाई गई है। 40 हजार 90 किसानों की संख्या पोर्टल से बाहर आई हैै। शेष किसानों की सूची भी शीघ्र जाहिर हो सकती है। फिलहाल इससे ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Created On :   8 March 2020 4:27 PM IST