आगामी सत्र से सभी विषयों के लिए हो सकता है अनिवार्य

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में इस बार काॅपियों में क्यूआर कोड भी चस्पा होगा हालाँकि अभी ये कुछ विशेष विषयों के लिए होगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल यह प्रयोग के तौर पर व्यवस्था कर रहा है। इसमें अगर सफलता मिलती है तो आगामी सत्र से सभी काॅपियों पर क्यूआर कोड होगा। यह काॅपियों की अदला-बदली जैसी संभावनाओं को खत्म करने के लिए किया जा रहा है। बोर्ड ने इस बार काॅपियों के पेज भी 20 से बढ़ाकर 32 कर दिए हैं। इसके अलावा चार सेट के पेपर छात्र-छात्राओं को प्रदान किए जाएँगे।
अब सप्लीमेंट्री काॅपियाँ भी छात्रों को नहीं मिलेंगी
बोर्ड की परीक्षाओं में अब छात्र-छात्राओं को सप्लीमेंट्री काॅपियाँ नहीं मिलेंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि बोर्ड ने मुख्य परीक्षा की उत्तरपुस्तिका में ही पेज 20 से बढ़ाकर 32 कर दिए हैं। परीक्षार्थियों को इस एक ही कॉपी में प्रश्नों के पूरे उत्तर लिखने होंगे। इसके साथ ही पेपर भी चार सेट में मिलेंगे, पूर्व में यह 3 सेट में आते थे। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की बोर्ड परीक्षाओं को देने वाले छात्र-छात्राओं के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। ज्ञात हो कि विगत वर्षों तक छात्र-छात्राओं को परीक्षा के दौरान सप्लीमेंट्री काॅपी लेनी पड़ती थी, लेकिन अब इस झंझट से छात्र-छात्राओं को छुटकारा मिल जाएगा। इस संबंध में बताया गया है कि इस बार परीक्षा काॅपियों में बदलाव हुआ है। आठ प्रकार की काॅपियाँ आई हैं। कई में क्यूआर कोड, ओएमआर शीट होगी। सप्लीमेंट्री काॅपियाँ इस बार नहीं दी जाएँगी।
Created On :   27 Feb 2023 3:45 PM IST