- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- रेफर सेंटर बने सामुदायिक स्वास्थ्य...
Chhindwara News: रेफर सेंटर बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, परेशान हो रहे मरीज

- स्वास्थ्य सुविधाएं बेपटरी...ओपीडी में लटके ताले, एसडीएम ने चौरई और बिछुआ बीएमओ को थमाया नोटिस
- चौरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी का संचालन नहीं हो रहा हैं।
- डॉक्टर न होने पर स्टाफ घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर देता है।
Chhindwara News: चौरई विकासखंड में स्वास्थ्य सुविधाएं वेंटीलेटर पर हैं। यहां डॉक्टरों की कमी से स्वास्थ्य केन्द्र में ओपीडी खाली होती है। प्राथमिक इलाज के लिए भी मरीजों को जिला अस्पताल का सफर करना पड़ता है।
यह हालात सिर्फ चौरई अस्पताल के नहीं, बल्कि बिछुआ अस्पताल में भी स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी है। मरीजों की लगातार शिकायतों के बाद एसडीएम ने चौरई और बिछुआ बीएमओ को नोटिस जारी कर व्यवस्था बनाने निर्देश दिए है।
चौरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी का संचालन नहीं हो रहा हैं। जिसकी वजह से मरीज परेशान हैं। यह हालात डॉक्टरों की कमी की वजह से बन रहे है। चौरई अस्पताल रेफर सेंटर बन गया है। प्राथमिक इलाज के लिए भी मरीजों को जिला अस्पताल जाना पड़ता है। यही हाल बिछुआ स्वास्थ्य केंद्र के हैं। यहां ओपीडी में मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा हैं।
बिगड़ी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं से नाराज एसडीएम प्रभात मिश्रा ने चौरई और बिछुआ के बीएमओ को नोटिस जारी कर व्यवस्था बनाने कहा है। ऐसा न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
चौरई में महज 4 डॉक्टर, उपस्वास्थ्य केंद्र खाली-
चौरई विकासखंड में महज 4 डॉक्टर हैं। टॉप, पांजरा, चांद स्थित उपस्वास्थ्य केन्द्र में डॉक्टर नहीं हैं, कुंडा में सिर्फ एक डॉक्टर है। चौरई अस्पताल में बीएमओ और एक महिला डॉक्टर समेत तीन डॉक्टर हैं। छह महीने पहले तक यहां 8 डॉक्टर थे। आगे की पढ़ाई करने और स्थानांतरण के चलते यहां से डॉक्टर चले गए। इसके बाद सीएमएचओ कार्यालय से चौरई में नए डॉक्टरों की पोस्टिंग नहीं की गई।
रेफर सेंटर बना अस्पताल-
नेशनल हाइवे पर होने से चौरई में काफी सडक़ हादसे होते है। दुर्घटना में घायल लोगों को चौरई अस्पताल लाया जाता है। डॉक्टर न होने पर स्टाफ घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर देता है। रोजाना चार से अधिक लोगों को रेफर किया जाता हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी-
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर शिकायत मिली थी। नोटिस देकर व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए कहा गया है। आगे भी व्यवस्था में सुधारने के लिए प्रयास किया जाएगा।
प्रभात मिश्रा, एसडीएम, चौरई
Created On :   28 April 2025 2:11 PM IST