फरवरी में म्यूजिकल फाउंटेन का लोकार्पण, आ सकते हैं पीएम मोदी

डिजिटल डेस्क, नागपुर. बहुप्रतीक्षित फुटाला तालाब स्थित म्यूजिकल फाउंटेन का लोकार्पण फरवरी के तीसरे सप्ताह में हो सकता है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित करने की तैयारी चल रही है। प्रसिद्ध संगीतकार ए.आर. रहमान और अभिनेता अमिताभ बच्चन को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसे एक भव्य समारोह का रूप देकर नागपुरवासियों को बड़ी सौगात देने की योजना है। जो भी आया, हुआ मंत्रमुग्ध : फिलहाल फुटाला तालाब में म्यूजिकल फाउंटेन के कई ट्रायल हो चुके हैं। हालांकि इसे नागरिकों के लिए सार्वजनिक नहीं किया गया है। नासुप्र सभापति मनोज कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि फ्लोटिंग प्लेटफार्म का काम शेष है। फरवरी तक पूरा होने की संभावना है। म्यूजिकल फाउंटेन देखने के लिए शुल्क रहेगा, लेकिन अभी तय नहीं किया गया है।
अन्य कार्यों पर भी जोर
अंबाझरी तालाब परिसर स्थित मेट्रो लाइन के नीचे हॉकर्स जोन बनाया जाएगा, जहां करीब 100 हॉकर्स की व्यवस्था होगी। यह अस्थायी स्वरूप का होगा, लेकिन सभी तरह की सुविधाएं होंगी। 9 करोड़ का प्रोजेक्ट होगा। फरवरी के पहले सप्ताह में टेंडर निकाले जाएंगे।
इंदौर की तर्ज पर पूर्व नागपुर में भी दिव्यांग पार्क बनाया जाएगा। केंद्र सरकार का यह प्रकल्प है। 20 करोड़ इसके लिए मंजूर हैं।
कोराडी की तरह रामटेक गढ़मंदिर का भी विकास किया जाएगा। करीब 250 करोड़ रुपए की लागत से विकास प्रारूप तैयार कर उसका विकास किया जाएगा। एनएमआर
Created On :   27 Jan 2023 3:42 PM IST