- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- रात में झमाझम बारिश, खोलने पडे...
रात में झमाझम बारिश, खोलने पडे भीमगढ़ के चार गेट

डिजिटल डेस्क सिवनी। जिले में शनिवार शाम से शुरु हुआ बारिश का दौर रविवार को भी जारी रहा। शनिवार शाम से रविवार शाम जिला मुख्यालय में तक 66.4 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। इस बारिश से पारे में काफी गिरावट देखने को मिली। अधिकतम और न्यूनतम पारे मेें गिरावट होने से फिजां में ठंडक महसूस हो रही है। हालांकि इस बारिश से कहीं भी किसी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है।
रात से जारी बारिश, दिन में भी बरसा पानी
जिले में शनिवार की रात से जारी बारिश का क्रम रविवार को भी जारी रहा। शनिवार-रविवार की रात को झमाझम बारिश हुई। वहीं रविवार दोपहर बाद कई स्थानों में अच्छी बरसात हुई। जिले के सभी स्थानों में इस दौरान बारिश की सूचना प्राप्त हुई है। जिले के केवलारी, घंसौर, लखनादौन, बरघाट, कुरई, धनौरा, धूमा क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। जिला मुख्यालय में भी दोपहर बाद तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। शाम को जरूर बारिश रुकने से थोड़ी राहत मिली लेकिन घने बादल छाए हुए थे।
खोले गए भीमगढ़ के चार गेट
शनिवार शाम से भीमगढ़ बांध के जल संग्रहण इलाके में लगातार जारी बारिश के क्रम के चलते रविवार को संजय सरोवर बांध के चार गेट खोलने पड़े। दोपहर दो बजे के बाद भीमगढ़ के चार गेट खोले गए थे जिससे प्रति सेकेंड 20 हजार घन फीट पानी छोड़ा जा रहा था। निचले इलाकों में अलर्ट जारी है और लोगों से इन इलाकों में न जाने की अपील की गई है।
गिरा तापमान
जिले में पिछले दो दिनों से शुरु हुए बारिश के क्रम के बाद पारे में काफी गिरावट देखी गई है। शुक्रवार को 32 डिग्री सैल्सियस को पार कर गया अधिकतम पारा रविवार को 25.6 डिग्री सैल्सियस तक उतर गया। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। शुक्रवार को जहां न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सैल्सियस था वह रविवार को 22 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अनेक स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे और कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। आगामी एक दो दिनों तक बारिश का क्रम रुक-रुककर जारी रहने की संभावना है।
पिछले साल से दोगुनी बारिश
भू अभिलेख से प्राप्त जानकारी अनुसार एक जून से अबतक जिले के आठों विकासखण्डों में 1020.9 औसत वर्षा दर्ज हुई है। जिसमें विकासखण्ड सिवनी में 1086.6 मिमी, कुरई में 1154 मिमी, बरघाट में 1256 मिमी, केवलारी में 917.1 मिमी, छपारा में 1047.7 मिमी, लखनादौन में 914.1 मिमी, धनौरा में 842.2 मिमी तथा घंसौर विकासखण्ड में 950.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में कुल 8167.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई है।पिछले साल इसी अवधि में जिले में कुल 4202.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।
Created On :   21 Aug 2022 11:23 PM IST