- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- शहडोल
- /
- धनपुरी नगर पालिका, बकहो, ब्यौहारी व...
धनपुरी नगर पालिका, बकहो, ब्यौहारी व खांड़ नगर परिषद में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव

डिजिटल डेस्क,शहडोल। धनपुरी नगर पालिका और नगर परिषद बकहो, ब्यौहारी व खांड़ में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव 8 अगस्त को होगा। कलेक्टर वंदना वैद्य ने चारों ही निकायों में शांतिपूर्ण निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदारों को जवाबदारी सौंपी है। सुबह 10.30 बजे से प्रारंभ होने वाली प्रक्रिया में चारों ही निकायों में सीधी लड़ाई भाजपा और कांग्रेस के बीच है। इसके लिए 20 जुलाई को पार्षद चुनाव के नतीजे आने के बाद से दोनों ही दलों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के दावेदार पार्षदों को साधने में जुट गए। 18 दिनों तक लगातार कोशिशें होती रही। अब सोमवार को तय होगा कि पार्षदों ने किसे अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के लिए उपयुक्त माना और वोट दिया।
बतादें कि जिले के चार निकाय में बकहों में ही भाजपा को स्पष्ट बहुमत है। शेष तीनों निकायों में निर्दलीयों के सहारे ही अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने का रास्ता तय होगा। इस बीच भाजपा के जिलाध्यक्ष कमल प्रताप सिंह ने चारों ही निकाय में भाजपा के अध्यक्ष बनने का दावा किया तो कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने बताया कि धनपुरी व खांड़ में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष निर्वाचित होंगे।
चारों निकायों में जीत का गणित
> धनपुरी नगर पालिका के 28 वार्ड में जीत के लिए 15 पार्षदों के वोट की जरुरत होगी। यहां कांग्रेस के 13, भाजपा के 9 व 6 निर्दलीय पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं।
> बकहो नगर परिषद के 15 वार्ड में जीत के लिए जादुई आंकड़ा 8 है। यहां भाजपा के 9, कांग्रेस के 1 और 4 निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है। पार्षद बने हैं।
> ब्यौहारी नगर परिषद के 15 वार्ड में भाजपा के 7, कांग्रेस के 2 और 6 निर्दलीयों ने जीत दर्ज की है। अध्यक्ष के लिए यहां भाजपा को एक वोट की दरकार है।
> खांड़ नगर परिषद के 15 वार्ड में कांग्रेस के 5, निर्दलीय 6, बसपा के 1 और भाजपा के 3 पार्षदों ने जीत दर्ज की है। दोनों ही पार्टियां 8 पार्षदों के समर्थन में जुटे।
बाड़ाबंदी तो कहीं भ्रमण पर पार्षद
- धनपुरी नगर पालिका में पार्षदों के लिए बाड़ाबंदी जैसी तैयारी है। इस बीच एक पार्षद की तबीयत ज्यादा शराब सेवन से खराब भी हो गई, जिसका इलाज नजदीकी डॉक्टर की मदद से करवाया गया। यहां कांग्रेस पार्टी की ओर अध्यक्ष के लिए शोभाराम पटेल व उपाध्यक्ष के लिए हनुमान खंडेलवाल का नाम आगे आ सकता है। पार्टी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा और अजय अवस्थी ने चर्चा की।
- भाजपा ने धनपुरी में किसी भी दावेदार के नाम की घोषणा नहीं की है। वैसे शुरु से रविंदर कौर छाबड़ा तैयारियों में जुटे रहे। बकहो के पार्षद रविवार देरशाम तक नगर से बाहर रहे। यहां कांग्रेस पार्टी अंतिम समय में पत्ते खोलने की तैयारी में है।
- खांड़ नगर परिषद में कांग्रेस पार्टी की ओर से अध्यक्ष पद का दावेदार सरिता सिंह को बताया जा रहा है। यहां भाजपा अध्यक्ष बनाने के लिए 6 पार्षदों को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलवा चुकी है। ब्यौहारी में भाजपा को जीत के लिए एक पार्षद की जरुरत है। यहां श्रीकृष्ण गुप्ता और कीर्ति मिश्रा दौड़ में हैं।
Created On :   8 Aug 2022 2:09 PM IST