सांसद खेल महोत्सव के दूसरे दिन केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ने की परंपरागत खेलों की शुरुआत

Central Civil Aviation on the second day of MP Sports Festival
सांसद खेल महोत्सव के दूसरे दिन केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ने की परंपरागत खेलों की शुरुआत
मैदान में ज्योतिरादित्य ने दिखाई फिटनेस सांसद खेल महोत्सव के दूसरे दिन केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ने की परंपरागत खेलों की शुरुआत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सांसद खेल महोत्सव के दूसरे दिन रानीताल खेल मैदान में पारंपरिक खेलों का आयोजन हुआ। ऐसे खेल जिनकी आज की पीढ़ी को जानकारी भी नहीं है। इनमें गिल्ली डण्डा, पिट्ठू, भौरा, चीटीधप्प, कंचा, रस्सी कूद जैसे खेल शामिल थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया थे, खेल मैदान में श्री सिंधिया ने प्रवेश करते ही दौड़ लगाकर न केवल अपनी फिटनेस दिखाई, बल्कि पिट्ठू, कंचे जैसे खेल खेले, साथ ही उन्होंने तीरंदाजी भी की और अन्य खेलों का लुत्फ उठाया। इस दौरान उत्साह का माहौल रहा।  सिंधिया खुद तो दौड़े ही, साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी दौड़ाया। उन्होंने पारंपरिक खेलों को देखकर खुशी जाहिर की। खिलाड़ियों के साथ खुद खिलाड़ी बनकर श्री सिंधिया बेहद उत्साहित नजर आए।  

इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कहा 

इन खेलों से हम अपने बचपन को फिर से जी लेते हैं और इन खेलों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। श्री सिंधिया ने कहा कि  सांसद खेल महोत्सव के बाद जबलपुर की धरती से निकलकर देश को खेलों के रत्न के रूप में अनेक प्रतिभाएँ मिलेंगी और जिस तरह का यह आयोजन है उससे निश्चित रूप से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। उन्होंने सांसद राकेश सिंह का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने प्रतिस्पर्धी खेलों के साथ ही पारंपरिक खेलों का आयोजन किया और मैं अपना सौभाग्य समझता हूँ कि मुझे इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होने का अवसर मिला। श्री सिंधिया ने कहा कि आने वाली शताब्दी और युग भारत का है और इस शताब्दी में इस युग में भारत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सबसे तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत खेल में तब आगे बढ़ेगा जब इस तरह के आयोजन किए जाएँ और जमीनी स्तर पर जाकर प्रतिभाओं को प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराए जाएँ जैसा जबलपुर में हो रहा है।  कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया है। सांसद खेल महोत्सव में कई परंपरागत खेलों का भी आयोजन किया जा रहा है ताकि आज की युवा पीढ़ी  हमारे पुराने खेल जो हमारे पुरातन काल से चले आ रहे हैं उनके विषय में जानकारी लेकर उनमें हिस्सा ले और शारीरिक रूप से भी स्वस्थ एवं मजबूत बन सके।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने चर्चा में कहा

राजनीति की नहीं यहाँ सिर्फ खेल की हो बात-
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रानीताल में सांसद खेल महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया ने उनसे पूर्व सीएम कमलनाथ के संबंध में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में सिर्फ खेल की बातें हों राजनीति की नहीं। जिस तरह मंदिर जाते हैं तो वहाँ आस्था जुड़ी रहती है, इसी तरह राजनीति की बात बिल्कुल न हो इसलिए यहाँ भी खेल से जुड़ी बात करें। उन्होंने पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की बात कही। श्री सिंधिया कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम को दिल्ली रवाना हो गए। इसके पूर्व वे भाजपा नगर उपाध्यक्ष हर्षित सिंघई के फुहारा स्थित निवास पर पहुँचे और उनके पिता राजेश जैन के निधन पर शोक संवेदना जताई।

ये रहे मौजूद –

इस अवसर पर अतिथि के रूप में दैनिक भास्कर के प्रबंध संचालक कैलाश अग्रवाल, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, नंदनी मरावी, प्रदेश मंत्री आशीष दुबे, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र जामदार, जिप अध्यक्ष संतोष बरकड़े, पूर्व मंत्री शरद जैन, अंचल सोनकर, प्रतिभा सिंह, पूर्व महापौर प्रभात साहू, सदानंद गोडबोले, स्वाति गोडबोले, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष रानू तिवारी, अभिलाष पांडे, अरविंद पाठक, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल, ओलंपिक संघ के सचिव दिग्विजय सिंह, क्रीड़ा भारती के क्षेत्र प्रमुख भीष्म सिंह व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनोरमा पटेल मंचासीन थे।

आज होगा पतंग उत्सव 

सांसद खेल महोत्सव के आज तीसरे दिन मकर संक्रांति के अवसर पर पतंग उत्सव का आयोजन प्रातः 10:30 बजे रानीताल स्टेडियम में किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर होंगे। 

Created On :   14 Jan 2023 1:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story