- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- सिवनी: उद्घाटन के पहले ही बह गया...
सिवनी: उद्घाटन के पहले ही बह गया करोड़ों का पुल

डिजिटल डेस्क सिवनी। जिले में गुरुवार-शुक्रवार की रात से शुरु हुआ बारिश का दौर शनिवार की शाम को थम गया लेकिन वह अनियमितता के कई राज भी खोल गया। लखनादौन क्षेत्र में शुक्रवार को जहां एक निस्तारी बांध बह गया, वहीं दो पुल भी धराशायी हो गए। इसमें से सुनवारा का एक पुल तो ऐसा है कि जिसका अभी उद्धाटन तक नहीं हो पाया था। बारिश में भीमगढ़ क्षेत्र में भी एक पुल बह गया। करोड़ों की लागत से करीब आठ पहले ही इसका निर्माण हुआ था। इसके अलावा जिले में दो हजार से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिसमें से दो सैकड़ा मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। मक्का और दूसरी फसलों को भी खासा नुकसान पहुंचा है।
तीन करोड़ की लागत से बना था पुल
भीमगढ़ से सुनवारा के बीच में हाल में ही ३ करोड़ ७ लाख रुपए की लागत से पुल का निर्माण हुआ था। इसका अधिकृत रूप से उद्धाटन होना बाकी था, लेकिन लगभग एक माह पूर्व से ग्रामीणों ने इसका उपयोग शुरु कर दिया था। इस पुल का निर्माण म.प्र. ग्राम सड़क विकास प्राधिकरण परियोजना क्रियान्वयन ईकाई-2 सिवनी के अंर्तगत किया गया था। कागजों में पुल के निर्माण की आखिरी तारीख ३० अगस्त २०२० तय की गई थी। इस पुल का निर्माण भोपाल के ठेकेदार एसव्ही कंट्रक्सन ने किया था। इस पुल के ढह जाने से एक दर्जन गांव के निवासियों के लिए आवागमन की सुविधा छिन गई है। कलेक्टर राहुल हरिदास फटिंग ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की बात कही है।
भीमगढ़ में भी ढहा ५ करोड़ का पुल
दो दिनों तक हुई बारिश के बाद भीमगढ़ और खापा के बीच बहा एक अन्य पुल ढह गया। इसका भी राज तब खुला जब वैनगंगा का जल स्तर कम हुआ। जल स्तर कम होते ही यह पुल भी गायब नजर आया। इस पुल का निर्माण करीब आठ साल पहले पीडब्ल्यूडी के द्वारा किया गया था। पुल की लागत ५ करोड़ ७५ लाख रु पए थी। इस पुल के खंबे अभी सही सलामत हैं लेकिन ऊपर का स्लैब सैलाब नहीं झेल पाया। इस पुल के टूट जाने से ७० से ८० गांवों का संपर्क टूट गया है।
इनका कहना है
इन दो पुलों के अलावा जिले में कई अन्य स्थान पर सड़क और पुलों को क्षति पहुंची है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले की जांच कराई जाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. राहुल हरिदास फटिंग, कलेक्टर सिवनी
Created On :   30 Aug 2020 10:57 PM IST