New Delhi News: दिल्ली विधानसभा चुनाव में नड्डा, शाह, राजनाथ, राहुल और अखिलेश ने किया प्रचार
![दिल्ली विधानसभा चुनाव में नड्डा, शाह, राजनाथ, राहुल और अखिलेश ने किया प्रचार दिल्ली विधानसभा चुनाव में नड्डा, शाह, राजनाथ, राहुल और अखिलेश ने किया प्रचार](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/01/30/1398937-1.webp)
- भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के दिग्गज नेता अपनी पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं
- दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होना है
New Delhi News . दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है। भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के दिग्गज नेता अपनी पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इस लिहाज से गुरुवार का दिन खास रहा। भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मोर्चा संभाला। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी प्रचार मैदान में ताकत आजमाते दिखे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अरविंद केजरीवाल के साथ रोड शो कर आप के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।
दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होना है। मतगणना 8 फरवरी को होगी। मतदान की तारीख करीब आने के साथ ही राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में कोई कसर नहीं रहने देना चाहते। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शाहदरा विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रोहिणी, वजीरपुर, शालीमार बाग और नई दिल्ली विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली कैंट, विश्वास नगर और सदर बाजार मंज अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित कर मतदाताओं से भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हाथ मजबूत कर दिल्ली में डबल इंजन की सरकार लाने की अपील की।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बवाना में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केजरीवाल की तुलना करते हुए दोनों नेताओं को दलित विरोधी करार दिया।
आप की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के साथ रोड शो और कई जनसभाओं को संबोधित किया। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अरविंद केजरीवाल के साथ रोड शो कर आप के पक्ष में मतदान की अपील की।
Created On :   30 Jan 2025 7:07 PM IST