New Delhi News: कांग्रेस ने मोदी सरकार पर लगाया महिला आरक्षण में रोड़ा अटकाने का आरोप

कांग्रेस ने मोदी सरकार पर लगाया महिला आरक्षण में रोड़ा अटकाने का आरोप
  • महिला आरक्षण लागू होता हरियाणा में कम-से-कम 30 महिला विधायक बनतीं
  • महिला आरक्षण में रोड़ा अटकाने का आरोप

New Delhi News : कांग्रेस ने मोदी सरकार पर महिला आरक्षण कानून के रास्ते में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि यह कानून लागू हो जाता तो आज हरियाणा चुनाव में 29 से 30 महिलाएं जीतकर निश्चित रूप से विधानसभा पहुंचतीं। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि महिला आरक्षण कानून लागू नहीं होने के बावजूद कांग्रेस ने हरियाणा में कुल 90 में से 12 सीटों पर महिला उम्मीदवार उतारे हैं। अलका लांबा ने कहा कि महिला आरक्षण कानून को अधर में लटकाने के चलते देश की बहनें भाजपा से नाराज हैं, जिसका असर हरियाणा में भी दिखा है। महिलाओं को इस बात का गुस्सा है कि उनकी राजनीतिक भागीदारी व हिस्सेदारी, जो उन्हें विधानसभा चुनाव में मिलनी चाहिए थी, भाजपा की केन्द्र सरकार के रोड़ा अटकाने के चलते उनका हक नहीं मिला। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर से शुरू देशव्यापी सदस्यता अभियान में सिर्फ 20 दिनों में देश भर से लगभग 2 लाख महिलाओं ने ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी को राजनीति की धारा में शामिल करने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

महिला कांग्रेस की प्रमुख ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के न्याय के पांच बिंदु में नारी न्याय को प्राथमिकता पर रखा गया है। नारी न्याय के तहत देश की आधी आबादी को राजनीतिक न्याय, आर्थिक न्याय और सामाजिक न्याय देने का हमारा वायदा रहा। कांग्रेस के प्रति बहनों का विश्वास का प्रमाण है कि सिर्फ 20 दिनों में 2 लाख बहनों ने सदस्यता ग्रहण की है। लांबा ने बताया कि अब तक महिलाओं के सदस्यता अभियान में शिरकत के मामले में तेलंगाना टॉप पर है तो कर्नाटक नंबर दो पर है। तीसरे नंबर पर केरल चल रहा है तो महाराष्ट्र चौथे नंबर पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि 15 अक्टूबर तक ये चारों राज्य अपने दम पर 50-50 हजार का आंकड़ा पार कर लेंगे।

Created On :   5 Oct 2024 2:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story