सफर पर असर: महाराष्ट्र को 22 सौ एसटी लाल परी की सौगात, नागपुर महरूम

महाराष्ट्र को 22 सौ एसटी लाल परी की सौगात, नागपुर महरूम
  • तेजी से कम हो रही बसों की संख्या
  • 5 साल में 297 बसें हुई कम
  • यात्रियों को बसों का टोटा सहना पड़ रहा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सितंबर व अक्तूबर महीने में महामंडल की ओर से महाराष्ट्र में 22 सौ नई डीजल बसों की सौगात मिलनेवाली है। लेकिन विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार इसमें नागपुर विभाग को नई बसों से महरूम रखा गया है। जबकि नागपुर विभाग में लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ही बसों की संख्या कम होती जा रही है। आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2019 में नागपुर विभाग में कुल 724 बसें थी। वर्ष 2024 में इनकी संख्या मात्र 4 सौ 27 रह गई है। जिसके कारण यात्रियों को बसों का टोटा सहने के साथ कई बार प्रशासन को पुरानी बसों को मरम्मत कर चलाना पड़ रहा है। ऐसे में यात्रियों की जरूरत नई बसें दिख रही है।

जानकारी के अनुसार राज्य महामंडल की ओर से पूरे राज्यभर में 22 लाल एसटी बसें ली गई है। जिसे राज्यभर के डिपो में वितरित की जानेवाली है। लेकिन अधिकृत सूत्रों की माने तो नागपुर विभाग इससे महरूम है। इन बसों को पुणे, मुंबई जैसे बड़े डिपो को दी जा रहे है। जबकि नागपुर विभाग में बसों का गजब का टोटा है। नागपुर से लंबी दूरियों मे प्रति दिन पुणे के लिए बसें चलाई जाती है। नाशिक, शीर्डी आदि जगह भी बसों को भेजा जाता है। नागपुर का गणेशपेठ बस स्टैण्ड यात्रियों के लिए मुख्य है। ऐसे में यहां बसों की कमी यानी यात्रियों की असुविधा पक्की है। वर्तमान स्थिति में केवल 427 बसें है। जिसमें अधिकतम बसें पुरानी हो गई है। जिसे प्रशासन मरम्मत कर चला रहा है। इससे अनहोनी की आशंका बढ़ते जा रही है। कई बार सफर के बीच बसों में तकनिकी खामियों के कारण आग लगने जैसी बड़ी घटनाएं हुई है। वहीं सफर के दौरान बसें खराब होने की स्थिति होती ही रहती है। जिसके कारण नागपुर विभाग के यात्री नई बसों को तरस रहे हैं। ऐसे में उक्त बसों में नागपुर विभाग को भी 50 नई बसें मिलने की उम्मीद यात्री वर्ग कर रहे हैं।

सामान्य यात्रियों की मुख्य जरुरत लाल बसें : एसटी के महकमे में लाल बसों के साथ शिवशाही, ई बसें शामिल हैं। लेकिन ज्यादातर सामान्य यात्री लाल बसों से ही सफर करते हैं। लेकिन वर्तमान स्थिति में अच्छी कंडीशन में केवल शिवशाही व ई बसें है। अधिकतम लाल बसें खराब स्थिति में पहुंच गई है। जिससे यात्रियों को महंगी शिवशाही व ई बसों की ओर रुख करना पड़ रहा है। ऐसे में नागपुर मंडल को भी नई लाल डीजल बसों की दरकार बन रही है।

Created On :   13 Sept 2024 11:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story