- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राहुल गांधी ने लोकसभा में उठाया...
New Delhi News: राहुल गांधी ने लोकसभा में उठाया मतदाता सूची का मुद्दा, धांधली लोकतंत्र के लिए खतरनाक

- लोकसभा में उठाया मतदाता सूची का मुद्दा
- मतदाता सूची में धांधली की खबर लोकतंत्र के लिए खतरनाक : प्रियंका
New Delhi News. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को लोकसभा में मतदाता सूची में गड़बड़ी का मसला उठाया और इस पर सदन में चर्चा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार मतदाता सूची नहीं बनाती है, यह तो सबको पता है, लेकिन सवाल उठ रहे हैं तो इस विषय पर सदन में चर्चा होनी चाहिए। बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन राहुल गांधी ने सदन में जब मतदाता सूची का मसला उठाया तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पूछा कि मतदाता सूची क्या सरकार बनाती है? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि आप यह सही कह रहे हैं कि मतदाता सूची सरकार नहीं बनाती है। लेकिन पूरे देश में मतदाता सूची पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष शासित हर राज्य में और खासकर महाराष्ट्र में साफ-साफ सवाल उठे हैं। पूरा विपक्ष मिलकर सिर्फ ये कह रहा है कि मतदाता सूची पर यहां चर्चा हो जाए। दरअसल राहुल गांधी महाराष्ट्र में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी का मामला प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा था कि हिमाचल प्रदेश की पूरी आबादी के बराबर नए मतदाता महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में जोड़े गए। तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने भी राहुल गांधी की इस मांग का समर्थन किया।
मतदाता सूची में धांधली की खबर लोकतंत्र के लिए खतरनाक : प्रियंका
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी कहा कि हर चुनाव में जिस तरह मतदाता सूची की धांधली की खबरें सामने आती हैं, वह हमारे लोकतंत्र के लिए बहुत खतरनाक है। उन्होंने कहा कि संसद में पूरा विपक्ष चाहता है कि मतदाता सूची पर विस्तृत चर्चा हो। लोकतंत्र व संविधान की रक्षा के लिए यह चर्चा बहुत जरूरी है। प्रिंयका ने कहा कि सरकार को जिद छोड़कर यह चर्चा करवानी चाहिए।
Created On :   10 March 2025 9:26 PM IST