जबलपुर: 54 लाख क्विंटल धान की हो गई खरीदी, 9 सौ करोड़ का भुगतान

54 लाख क्विंटल धान की हो गई खरीदी, 9 सौ करोड़ का भुगतान
  • 54073 किसानों ने कराया था पंजीयन, 46845 से हुई खरीदी 3 सौ करोड़ बकाया
  • अब तक किसानों को लगभग 900 करोड़ रुपयों का भुगतान किया गया है
  • कई वेयरहाउसों में घटिया धान एकत्र है जिसे खुर्द-बुर्द किया जाना बाकी है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। 1 दिसम्बर से शुरू हुई धान की खरीदी अब बंद हो चुकी है। इस दौरान जमकर विवाद हुए, असली-नकली किसानों का मुद्दा उछला, घटिया धान की खरीदी हुई और बिना अनुमति वेयरहाउसों में जमकर धान की बिक्री की गई।

एक दर्जन अधिकारी सस्पेंड हुए। अब गेहूँ का पंजीयन शुरू हुआ है। दो माह के दौरान जिले में कुल 54 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई जिसके लिए अब तक किसानों को लगभग 900 करोड़ रुपयों का भुगतान किया गया है और अभी भी करीब 300 करोड़ रुपए बकाया हैं।

विवाद अभी भी जारी है और कई वेयरहाउसों में घटिया धान एकत्र है जिसे खुर्द-बुर्द किया जाना बाकी है।

बताया जाता है कि अधिकृत तौर पर भले ही धान की खरीदी बंद हो गई हो लेकिन किसानों की सुविधा के लिए कई खरीदी केन्द्रों में खरीदी की जा रही है। यही कारण है कि अभी तक अंतिम आँकड़ा जारी नहीं किया गया है।

यह अलग बात है कि मंगलवार की शाम तक कुल 46 हजार 845 किसानों से 54 लाख 71 हजार 916 क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। धान विक्रय के लिए कुल 54 हजार 73 किसानों ने पंजीयन कराया था और अभी तक कुल 49 हजार 85 किसानों ने स्लॉट बुक कराया है।

जिला प्रशासन ने जो धान क्रय की है उसकी कुल कीमत 11 सौ 95 करोड़ 51 लाख 94 हजार 510 रुपए होती है। इसमें से 902 करोड़ 62 लाख 75 हजार 398 रुपयों का भुगतान कर दिया गया है जो कि कुल भुगतान का 75 फीसदी है।

Created On :   8 Feb 2024 12:36 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story