कार्रवाई: छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षाबलों को देख शिविर छोड़कर भागे नक्सली

छत्तीसगढ़ सीमा पर सुरक्षाबलों को देख शिविर छोड़कर भागे नक्सली
  • भिमनखोजी-नारकसा के घने जंगल में भी छापामार कार्रवाई
  • नक्सलियों की विभिन्न प्रकार की सामग्री बरामद
  • नक्सली खोज अभियान और किया तेज

डिजिटल डेस्क, गड़चिरोली। धानोरा तहसील से सटी छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पर स्थित कुलभट्टी की पहाड़ी पर बुधवार की दोपहर पुलिस जवानों ने नक्सलियों का बड़ा कैम्प नष्ट करने के बाद गुरुवार, 6 जून की दोपहर 3 बजे के दौरान इसी तहसील के गैरापत्ती पुलिस मदद केंद्र के तहत आने वाले भिमनखोजी-नारकसा के घने जंगल में भी छापामार कार्रवाई की गई। पुलिस आने की भनक लगते ही सभी नक्सली घने जंगल में फरार हो गये। कार्रवाई दौरान जब्त की गई सामग्री में एक सोलर प्लेट, नक्सलियों के कपड़े, 6 पिट्टू, 2 प्लास्टिक टेंट, 2 टेस्टर, विभिन्न प्रकार के बर्तन, मेडिकल किट, पानी के 5 जार आदि का समावेश है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने के बाद सी-60 दल के सभी जवान शुक्रवार को गड़चिरोली मुख्यालय पहुंचने की जानकारी विभाग ने दी है। नक्सल खोज अभियान के दौरान भिमनखोजी-नारकसा के घने जंगल में नक्सली कैम्प चलाए जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस जवानों ने कार्रवाई शुरू की। लेकिन पुलिस पहुंचने की भनक लगते ही दर्जनों की संख्या में मौजूद नक्सली अपना कैम्प छोड़कर घने जंगल में फरार हो गये। इस बीच पुलिस द्वारा नक्सली कैम्प से बड़ी मात्रा में नक्सलियों की विभिन्न प्रकार की सामग्री बरामद की गई है। वहीं क्षेत्र से सटे छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पर नक्सली खोज अभियान को भी तीव्र कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गैरापत्ती पुलिस मदद केंद्र की सीमा से 4 किमी की दूरी पर भिमनखोजी-नारकसा के जंगल में कसनसुर, चातगांव, टीपागढ़ दलम के नक्सलियों के साथ छत्तीसगढ़ राज्य के मोहला-मानपुर और औंधी दलम के कुछ नक्सलियों द्वारा कैम्प लगाने की जानकारी सी-60 जवानों को मिली थी। इस जानकारी के आधार पर पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने अपर पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता के नेतृत्व में विशेष अभियान दल के जवानों को घटनास्थल की ओर खोज अभियान के लिए रवाना किया।

इस बीच पुलिस जवानों की टीम जैसे ही नक्सलियों के कैम्प के करीब पहुंची, सभी नक्सली घने जंगल में फरार होने में कामयाब हो गये। वहीं अन्य दल के जवानों को छत्तीसगढ़ राज्य की सीमा पर एक बार फिर नक्सल खोज अभियान के लिए रवाना कर दिया गया है।

Created On :   8 Jun 2024 12:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story