Gadchiroli News: गडचिरोली की जीएसडी इंडस्ट्रीज पर लगाया 84.34 लाख का जुर्माना

गडचिरोली की जीएसडी इंडस्ट्रीज पर लगाया 84.34 लाख का जुर्माना
  • रेत का अवैध उत्खनन करना पड़ा महंगा
  • अहेरी के तहसीलदार ने जारी किया आदेश
  • कार्रवाई से रेत तस्करों में मची खलबली

Gadchiroli News आदिवासी बहुल गड़चिरोली जिले के ग्रामीण क्षेत्र का विकास करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए की निधि मंजूर की है। इस निधि की मदद से बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं लेकिन इन विकास कार्यों के दौरान कुछ ठेकेदार और कंपनियों द्वारा रेत की तस्करी भी की जा रही है। ऐसा ही एक मामला अहेरी तहसील के पेरमिली मंडल में उजागर हुआ है। नवंबर 2022 में इस मामले की शिकायत प्राप्त होते ही अहेरी के तहसीलदार ने जांच शुरू की। इस बीच करीब दो वर्ष बाद तहसीलदार ने अपना फैसला सुनाते हुए भामरागढ़ की मे. जी.एस.डी. इंडस्ट्रीज को रेत तस्करी में दोषी करार देते हुए कंपनी के मालिक गजानन महादेव मंेढे पर 84 लाख 34 हजार 600 रुपए का जुर्माना लगा दिया हैै।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहेरी तहसील के पेरमिली मंडल के तहत मे. जी.एस.डी. इंडस्ट्रीज को विभिन्न प्रकार के विकास कार्यों का ठेका प्रशासन ने सौंपा था। कंपनी के माध्यम से चंद्रा गांव की एक निजी जमीन में बड़े पैमाने पर रेत जमा कर रखी गयी थी। यह रेत परिसर के नदी व नालों से अवैध रूप से लायी गयी थी। इस संदर्भ में सामाजिक कार्यकर्ता संतोष ताटीकोंडावार ने नवंबर 2022 में प्रशासन से लिखित रूप में शिकायत दर्ज करायी। शिकायत पर गंभीरता से ध्यान देते हुए पेरमिली के मंडल अधिकारी ने 17 नवंबर 2022 को घटनास्थल पर पहुंचकर रेत का पंचनामा किया।

इस समय तकरीबन 466 ब्रास रेत अतिरिक्त पायी गयी। इस आशय की रिपोर्ट मंडल अधिकारी ने तहसील प्रशासन को सौंपी थी। इस रिपोर्ट पर ध्यान देते हुए अहेरी के तहसील दंडाधिकारी ने आदेश जारी करते हुए रेत तस्करी में मे. जी.एस.डी. इंडस्ट्रीज को दोषी करार दिया है। करीब 2 वर्ष बाद जारी किए गए अादेश के अनुसार रेत तस्करी के लिए कंपनी पर पांच गुना जुर्माना लगाया गया है। आदेश के अनुसार अब मे. जी.एस.डी. इंडस्ट्रीज को जुर्माने के रूप में 84 लाख 34 हजार 600 रुपए अदा करने पड़ेंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अहेरी तहसील के विभिन्न स्थानों पर विकास कार्य कर रहे कंपनियों समेत ठेकेदारों में अब खलबली मच गई है।

Created On :   4 Oct 2024 9:33 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story