Delhi News: आतिशी ने मुख्यमंत्री को दिलाई महिला समृद्धि योजना की याद

- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर
- महिलाओं के खाते में 2,500 की पहली किश्त जारी करने की मांग
Delhi News अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिख कर महिला समृद्धि योजना को लागू करने की याद दिलाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वादे की याद दिलाते हुए कहा कि उम्मीद है कि 8 मार्च को महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली की महिलाओं के खाते में 2500 रुपए की राशि आ जाएगी। दिल्ली में नई सरकार के गठन के बाद यह दूसरा मौका है जब आतिशी ने रेखा गुप्ता को महिला समृद्धि योजना को लागू करने के लिए पत्र लिखा है।
आतिशी ने मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में कहा कि 31 जनवरी को प्रधानमंत्री ने एक चुनावी रैली में दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था कि भाजपा सरकार बनते ही मंत्रिमंडल की पहली बैठक में महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपए देने की योजना पर मुहर लगेगी और महिला दिवस पर महिलाओं के बैंक खाते में पैसे आने शुरू हो जाएंगे। इसलिए उन्होंने सभी महिलाओं को सलाह दी थी कि वे अपने बैंक खाते से अपने मोबाइल नंबर को जोड़ लें, ताकि जब उनके खाते में पैसे आएंगे तो उनके फोन पर इसकी जानकारी मिल सके।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे लिखा कि महिला दिवस में सिर्फ एक दिन बचा है। दिल्ली की महिलाएं इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। महिलाओं को उम्मीद है कि 8 मार्च को उनके खाते में 2500 की पहली किस्त आनी शुरु हो जाएगी।
Created On :   7 March 2025 6:00 PM IST