Delhi News: महाराष्ट्र की लगभग सभी ग्राम पंचायतें कंप्यूटर और इंटरनेट से लैस

- राज्य की 27,917 में से 27,006 कंप्यूटर में लगे हैं कंप्यूटर
- 89 प्रतिशत ग्राम पंचायतों में ब्रॉडबैंड की सुविधा उपलब्ध
Delhi News सूचना प्रौद्योगिकी के इस दौर में महाराष्ट्र की ग्राम पंचायतें और डाकघर भी हाइटेक होने की दिशा में अग्रसर हैं। केंद्र सरकार ने दावा किया है कि महाराष्ट्र की लगभग सभी ग्राम पंचायतें कंप्यूटर से लैस हैं। केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने मंगलवार को लोकसभा में कांग्रेस सांसद संजय देशमुख के पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
बघेल ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा वार्षिक कार्य योजना में दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य की 27,917 ग्राम पंचायतों में से 27,006 (96.73 प्रतिशत) में कंप्यूटर लग गए हैं। उन्होंने कहा कि दूरसंचार विभाग द्वारा भारतनेट परियोजना को देश भर की सभी ग्राम पंचायतों को हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ने के लिए क्रियान्वित किया जा रहा है। भारतनेट यूएनएमएस डैशबोर्ड पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारतनेट परियोजना के तहत महाराष्ट्र के 27,917 ग्राम पंचायतों में से 24,778 (88.75 प्रतिशत) को सेवा के लिए तैयार कर दिया गया है।
बघेल ने आगे कहा कि डाक विभाग द्वारा उपलब्ध जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र सर्किल के सभी 2,224 डाकघरों में भी कंप्यूटर और इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध है, जिससे 100 प्रतिशत कवरेज प्राप्त है।
Created On :   2 April 2025 1:26 PM IST