Beed News: 43 डिग्री के पार हुआ पारा, सड़कें सुनसान और किसान परेशान, सेहत का जरूर रखें ध्यान

43 डिग्री के पार हुआ पारा, सड़कें सुनसान और किसान परेशान, सेहत का जरूर रखें ध्यान
  • फसल को नुकसान कुएं सूखे
  • तापमान अभी से 43 डिग्री के पार चल रहा है
  • तापमान में बढ़ोतरी होने से खेत के कुंए भी सूख रहे हैं

Beed News. सूर्य देव के तेवर से लोग परेशान हैं। तापमान अभी से 43 डिग्री के पार चल रहा है। हर साल देश में 21 जून का दिन सबसे गर्म दिन माना जाता है, लेकिन इस साल तो गर्मी ने पिछले रिकार्ड तोड़ दिए। 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। प्रचंड गर्मी के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से गुरेज कर रहे हैं। सिर्फ वही लोग बाहर निकल रहे हैं, जिन्हें बहुत जरूरी काम है। बाजार भी पूरी तरह से सुनसान पड़े हैं। सुबह आठ बजे से गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। शाम छह बजे तक मौसम गर्म रहता है। दिन भर गुलजार रहने वाले इलाके बस स्टैंड, सिविल अस्पताल बाजार, सब्जी मंडी रोड, राफां बाजार व पुराने बाजार में बुधवार को पूरी तरह से सन्नाटा पसरा दिखा। जरूरी काम के लिए जो लोग बाजार आए थे, उनमें अधिकतर ने या तो मुंह पर कपड़ा लपेटा था या आंखों पर चश्मा लगाया था, कुछ छाता लिए थे। शाम छह बजे के बाद भी तेज धूप से चाहे कुछ राहत महसूस हुई, लेकिन गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किए रखा।

घर में दो -दो कूलर

भागवत शिंदे ने कहा कि बुधवार को तेज गर्मी होने के कारण सुबह 11 से शाम के 6 बजे तक घरों में कूलर चलते हैं, तब जाकर राहत मिलती है। पंखे गर्म हवा फेंकते हैं।

फसल को नुकसान कुएं सूखे

अशोक गवली नामक किसान ने कहा कि बढ़ रही लू और तपिश धान की फसल और हरे चारे के लिए नुकसानदायक है। इस गर्मी में खेत में काम करना मुश्किल हो रहा है।तापमान में बढ़ोतरी होने से खेत के कुंए भी सूख रहे हैं।

शासकीय स्वराती अस्पताल के वैद्यकीय अधिक्षक डॉ. शंकर धपाटे ने कहा कि सीधी धूप से सनस्ट्रोक हो सकता है। चिलचिलाती तेज धूप में सनस्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए तेज धूप से बचना बेहतर है। धूप से बचने छाता और चश्में का इस्तेमाल करें। बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखना चाहिए। समय-समय पर ग्लूकोज तथा ओआरएस युक्त पानी पिलाते रहें, नारियल पानी पीना भी अच्छा रहता है।


Created On :   23 April 2025 8:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story