- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- औरंगाबाद
- /
- वारदात से हड़कंप - बच्ची को जिसने...
Sillod News: वारदात से हड़कंप - बच्ची को जिसने लिया गोद, उसी ने ले ली जान

- आरोपी माता-पिता पहुंचे सलाखों के पीछे
- वारदात से पुलिस भी सकते में
- बच्ची को भूखा रखा और हाथ-पैर तोड़े
Sillod News. जिन माता-पिता ने बालिका को गोद लिया, उसी मां-बाप ने आयात शेख फहीम नामक 4 साल की बच्ची को मौत के घाट उतार दिया। वारदात मुघलपुरा में देर रात सामने आई। पुलिस ने शेख फहीम शेख अयूब (35), फौजिया शेख फहीम को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
भूखा रखा और हाथ-पैर तोड़े
जानकारी के अनुसार अजंता निवासी आरोपी पति-पत्नी को चार लड़के हैं। इस कारण दोनों ने चार महीने पूर्व ही शेख नसीम अब्दुल कयूम (जालना) से चार वर्षीय आयात को गोद लिया था, क्योंकि वे एक बेटी चाहते थे, लेकिन, कुछ ही दिनों में पति-पत्नी ने गोद ली बच्ची को बेरहमी से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। 26 मार्च को आरोपी पति-पत्नी ने बच्ची के साथ प्रताड़ना की सारी हदें पार कर दीं। दोनों ने मिलकर उसे चटके दिए, भूखा रखा और हाथ पैर के जोड़ तक तोड़ दिए। जानकारी के अनुसार प्रताड़ित करने का मामला विगत 15 दिनों से जारी था, किंतु मासूम बच्ची ने 26 मार्च को दम तोड़ दिया।
रात में दफनाने का था प्लान
आरोपी फहीम और उसकी पत्नी फौजिया ने बच्ची की हत्या के बाद उसे रात में ही दफनाने का प्लान बनाया था। जानकारी के अनुसार पानी गर्म करने के बाद उसे नहलाकर दफन करने का इरादा था। आस पास के नागरिकों के संज्ञान में ये मामला आया, तब उन्होंने रात में ही पुलिस को जानकारी दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जब पुलिस ने ये मंजर देखा, तो वह भी सकते में आ गए। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
सबूत मिटाने की रची गई साजिश
पति-पत्नी परिवार के साथ विगत 15 दिन पूर्व ही मुघलपुरा परिसर में रहने आए थे और तभी से बच्ची पर अत्याचार शुरू कर दिए थे। आरोपी फौजिया और फहीम को एहसास हुआ कि उनकी पिटाई से गोद ली हुई मासूम बच्ची मर चुकी है, तब दोनों ने सबूत मिटाने की साजिश रची, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था एवं सारा माजरा सामने आ गया।
प्रताड़ना की सारी हदें पार, कड़ी सजा की मांग
बच्ची के साथ प्रताड़ना की सारी हदें पार की गईं। बच्ची को दिए गए चटकों के एहसास ने हर एक को झकझोर कर रख दिया है। घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। आराेपियों को कड़ी सजा देने की मांग लोग कर रहे हैं।
शराबी से बची, तो हत्यारे के पास पहुंची
मृतक मासूम आयात की असल मा नाजिया का विवाह जालना के शेख नसीम से 15 वर्ष पहले हुआ था। दरमियान उन्हें 5 लड़कियां हुई थीं। लड़कियों के जन्म से नसीम और नाजिया के बीच तनाव होने लगा था। दोनों में तलाक हो गया। चार लड़कियां नाजिया के पास और एक 4 वर्षीय मृतका आयात नसीम के पास थी। नसीम शराब का आदि था। इसलिए वह आयात से भीख मंगवाता था। कुछ समय पहले नसीम और फहीम की मुलाकात जालना में हुई, जो किसी ने कराई थी और आरोपी फहीम ने 6 महीने पहले आयात को नसीम से एक बॉन्ड पेपर पर 5 हजार रुपए में दत्तक लिया था। इस तरह का करार किया गया। नसीम से अलग होने के बाद मृतका आयात की असल मां नाजिया ने जालना निवासी फिरोज के साथ विवाह किया और चारों लड़कियां उसी के साथ रह रही हैं। उसने आयात का सौदा नहीं किया है। इस प्रकार का बयान पुलिस में दिया है। मासूम आयात को क्या पता था कि वह शराबी बाप से बच कर सीधे हत्यारे माता-पिता के पास दत्तक जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में उप विभागीय पुलिस अधिकारी डॉ दिनेश कोल्हे, परीक्षार्थी पुलिस अधीक्षक मयंक माधव, पुलिस निरीक्षक शेषराव उदार, सहायक पुलिस निरीक्षक बालाजी मुंडे विशेष तौर पर जांच में जुटे हैं कि माता-पिता ने मासूम आयात की इतनी बेरहमी से हत्या क्यों की?
Created On :   28 March 2025 7:02 PM IST