- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- ये कैसी एनओसी, अंडर पास के गड्ढे...
Amrawati News: ये कैसी एनओसी, अंडर पास के गड्ढे में गिरने से वृद्ध की मौत

- हादसे से क्षेत्रवासियों में दिखा आक्रोश
- एनओसी को लेकर रेलवे व लोनिवि में विवाद
- भातकुली क्रॉसिंग पर सवा महीने से काम बंद
Amravati News भातकुली रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर पास के लिए दोनों दिशाओं में खोदे गए गड्ढे में गिरने से क्षेत्र के एक व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार को दोपहर में हुए इस हादसे ने अंडर पास के ठप पड़े निर्माण को लेकर सवालिया निशान लगा दिया है। मृतक का नाम अशोक महादेव पहोकार (60, राधा सिटी, भातकुली रोड) है। रेल विभाग द्वारा नवंबर 2024 में शुरू किए गए अंडर पास के निर्माण के लिए एनओसी नहीं लिए जाने का कारण बताकर लोक निर्माण विभाग ने बकायदा खोलापुरी गेट थाने में पुलिस रिपोर्ट दी थी। जिसके बाद सवा महीने से अंडर पास का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। इसी बीच, इसी गड्ढे में गिरने से एक क्षेत्रवासी की मौत हो जाने से क्षेत्रवासियों में जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रेल विभाग ने अंडर पास के लिए सड़क के दोनों ओर खोदे गए गड्ढों के सामने ड्रम रखे गए थे, लेकिन दो ड्रम चोरी हो गए। मंगलवार को दोपहर में इस मार्ग से अपने घर की ओर जा रहा अशोक पहोकार सीधे अंडर पास के गड्ढे में गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। अशोक चित्रा चौक स्थित इंद्रपुरी होटल में काम करता था। पुलिस ने तत्काल उसे जिला सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को उसका शव परिजनों को सौंपा गया।
कलेक्टर ने रेल विभाग को एनओसी लेने कहा : पता चला है कि इस मामले में कलेक्टर ने रेल विभाग को लोक निर्माण विभाग की एनओसी लेने के निर्देश दिए हैं। एनओसी मिलने के बाद ही रेल विभाग अंडर पास का निर्माण आगे बढ़ा पाएगा। तब तक काम ठप पड़ रहेगा।
पार्वती नगर होते हुए गुजरना पड़ रहा : उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 नवंबर में रेल विभाग ने भातकुली रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर पास निर्माण शुरू किया। इसके लिए क्रॉसिंग की दोनों ओर बड़ा सा गड्ढा खोदा गया है। काम आगे बढ़ने के पहले ही लोक निर्माण विभाग के शहर शाखा ने हमारी एनओसी नहीं लिए जाने का कारण बताकर आपत्ति जताई। पुलिस में रिपोर्ट की। जिसके बाद सवा माह से अंडर पास का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। जिसके कारण भातकुली क्रॉसिंग पार कर अमरावती शहर आने-जाने वाले लोगों को पार्वती नगर होते हुए गुजरना पड़ रहा है। यह रोड भी खराब है। ट्राफिक भी अत्यधिक रहता है। जिससे डेली अप-डाउन करने वाले हजारों राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
Created On :   6 March 2025 3:28 PM IST